बीकानेर में तापमान गिरा:बारिश नहीं हुई पर गर्मी से राहत


 

बीकानेर

मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के चलते बीकानेर में दो दिन बारिश की उम्मीद जताई थी लेकिन कहीं भी बारिश नहीं हुई। इतनी राहत जरूर मिली कि तापमान एक बार फिर से चालीस डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। न सिर्फ अधिकतम बल्कि न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है।

बीकानेर में पिछले चौबीस घंटे में अधिकतम तापमान घटकर 39.5 डिग्री सेल्सियस रह गया, जबकि न्यूनतम पारा 27.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। दिन के तापमान में ज्यादा कमी आई है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गुरुवार को राज्य के उत्तरी भागों में आंधी बारिश की गतिविधियां दर्ज होने की प्रबल संभावना जताई गई थी।

बीकानेर संभाग में भी तेज बारिश और आंधी की आशंका जताई। बीकानेर जिले में कहीं भी बारिश नहीं हुई। बादलवाही रही, जिससे तापमान में गिरावट आई है। वहीं शुक्रवार को तापमान में कुछ बढ़ोतरी की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार 19 से 21 मई तक मौसम अधिकांश स्थानों पर शुष्क रहने व तापमान में 2-3 डिग्री बढोतरी होने की सम्भावना है। जोधपुर, बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं अधिकतम तापमान 43-45 डिग्री से. दर्ज होने की संभावना है। बीकानेर में तापमान 43 डिग्री तक पहुंचने की संभावना कम प्रतीत हो रही है। एक साथ चार डिग्री जितनी तपन फिलहाल महसूस नहीं हो रही है।


CATEGORIES
Share This