जेल की दिवार के अन्दर पैकेट फेंकते युवक गिरफ्तार










कैदीयों को कर रहे थे सप्लाई
बीकानेर। हनुमानगढ़ जिला जेल में दीवार के ऊपर से पैकेट फेंकते एक युवक को सुरक्षा में तैनात आरएसी जवानों ने पकड़ लिया, जबकि दो युवक बाइक सहित भागने में सफल रहे। पकड़े गए युवक की निशानदेही पर जेल प्रशासन ने सेल्स वार्ड की तलाशी ली तो तीन बंदी उक्त पैकेट खोलते मिले।
जेल प्रशासन ने पैकेट बरामद कर खोला तो उसमें तीन मोबाइल फोन, डाटा केबल और तम्बाकू पदार्थ भरा हुआ था। जेल प्रशासन ने पकड़े गए युवक और बंदियों से बरामद सामग्री जंक्शन थाना पुलिस के हवाले कर तीन बंदियों, पकड़े गए युवक और फरार हुए बाइक सवारों सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है।
पुलिस ने बताया कि जिला जेल की सुरक्षा में तैनात आरएसी जाब्ता के प्रभारी हेड कॉन्स्टेबल अनवर खां (50) पुत्र गिरीराज खां निवासी बांसी खुर्द पीएस सेवर जिला भरतपुर ने मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट में बताया कि शुक्रवार को सुबह 10.15 बजे जेल के बाहर रेलवे लाइन की तरफ हाउसिंग बोर्ड की तरफ जाने वाली सड़क पर बाइक पर सवार तीन युवकों की ओर से जेल की मेनवॉल के ऊपर से एक बंद पैकेट जेल परिसर में फेंका गया। उसी समय कॉन्स्टेबल विनोद कुमार ने बाइक सवारों को रोका तो दो युवक भाग गए, जबकि एक युवक को मौके पर पकड़ लिया। उसने अपना नाम अर्जुन कुमार पुत्र राजकुमार निवासी नई खुंजा, जंक्शन बताया। अर्जुन कुमार से मौके से भागे दोनों युवकों के बारे में पूछा तो उसने एक का नाम गुड्डू और दूसरे का नाम कीमत निवासी नई खुंजा, जंक्शन बताया।
इसके बाद पकड़े गए व्यक्ति अर्जुन कुमार की निशानदेही पर जेल के अंदर सेल्स वार्ड की तलाशी ली तो वार्ड में बंदी सचिन उर्फ बच्चिया (23) पुत्र पप्पूराम मेघवाल निवासी वार्ड आठ, शेरेकां पीएस टिब्बी, सुभाष नायक (23) पुत्र रामकुमार नायक निवासी वार्ड 21, मण्डी पीलीबंगा व राकेश कुमार (26) पुत्र अशोक कुमार बिश्नोई निवासी वार्ड पांच, शेरेकां पीएस टिब्बी की ओर से उक्त पैकेट खोला जा रहा था। इन बंदियों के पास उक्त पैकेट बरामद किया गया। सेल्स वार्ड में तैनात ड्यूटी संतरी सुखदीप सिंह, मुख्य प्रहरी धर्मपाल, कमलेश कुमार मीणा व अमराराम कारापाल की मौजूदगी में इस पैकेट को खोला तो इसमें से निषिद्ध सामग्री बरामद की गई।
पैकेट से तीन मोबाइल फोन मय 5जी सिम के अलावा तीन डाटा केबल, बीडी के तीन बण्डल सहित अन्य तम्बाकू सामग्री मिली। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अर्जुन कुमार, गुड्डू, कीमत, सचिन उर्फ बच्चिया, सुभाष नायक व राकेश बिश्नोई के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। तफ्तीश एएसआई कृष्णलाल कर रहे हैं।

