जीएसएस लगाने की जमीन को लेकर विद्युत विभाग के अधिकारी के साथ मारपीट,दो लोग गिरफ्तार










जीएसएस लगाने की जमीन को लेकर विद्युत विभाग के अधिकारी व सरपंच के बीच विवाद हो गया। विवाद इस कदर बढ़ गया कि सरपंच ने विद्युत विभाग के अधिकारी के साथ मारपीट, गाली-गलौज व धक्कामुक्की कर डाली। जिसके बाद मामला बिगड़ गया।
यह घटना गांव ठुकरियासर में हुई। इस मामले में अब पुलिस ने सरपंच अमराराम गांधी व उसके पुत्र बुधराम को गिरफ्तार किया है। साथ ही मारपीट, राजकार्य में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार यह विवाद यहां प्रस्तावित 132 केवी जीएसएस के स्थान को लेकर है। जहां प्रशासन इस जीएसएस को लगाना चाहता है, वहां सरपंच लगाने से मना कर रहा है और जहां सरपंच जीएसएस को लगाना चाह रहा है, वहां प्रशासन भी नहीं लगाने पर अड़ा हुआ है।
यह विवाद पिछले काफी दिनों से चल रहा है। बताया जा रहा है कि विद्युत विभाग ने शनिवार को जीएसएस के स्थान को लेकर वार्ड पंचों को बुलाकर बैठक करी, जिसमें सरपंच को शामिल नहीं किया गया। इस बैठक के बाद विद्युत विभाग का अधिकारी अपनी गाड़ी में सवार होकर वापस जाने लगा, उसी दौरान सरपंच व उसका पुत्र सहित तीन-चार लोग गाड़ी में सवार होकर आए और अधिकारी की गाड़ी को रूकवाकर उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज तथा धक्कामुक्की की गई।

