Bikaner : ग्राम पंचायतों में मनरेगा का 153 करोड़ बकाया……










बीकानेर पंचायत समिति सरपंच संघ के अध्यक्ष तोलाराम कूकणा के नेतृत्व में एवं खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल की मौजूदगी में बीकानेर जिले के सरपंच संघ का प्रतिनिधिमंडल बुधवार सुबह जयपुर में कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीना से उनके आवास पर मिला।
उन्होंने मनरेगा सामग्री मद के बकाया भुगतान को लेकर ज्ञापन दिया. बीकानेर सरपंच संघ अध्यक्ष तोलाराम कुकणा ने बताया कि बीकानेर जिले में वर्ष 2022-2023 के महात्मा गांधी नरेगा कार्यों का भुगतान लंबे समय से लंबित है। बकाया भुगतान के लिए विभाग धनराशि जारी नहीं कर रहा है। खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने किरोड़ी लाल मीणा को बताया कि सभी रिपोर्ट राज्य से आवश्यक प्रपत्र के माध्यम से दो बार भौतिक सत्यापन करवाकर भेजी जा चुकी है. जिले में मनरेगा योजना के तहत 153 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित है.
2022-2023 में राज्य सरकार द्वारा सामग्री मद की राशि का मात्र 5 से 7 प्रतिशत ही भुगतान किया गया है। ऐसे में ग्राम पंचायतों को नए कार्य कराने में दिक्कत आ रही है। नया काम नहीं होने से ग्रामीणों को रोजगार नहीं मिल रहा है. तोलाराम कूकणा व कोलायत सरपंच संघ अध्यक्ष जयसिंह हाड़ला ने बताया कि राज्य वित्त आयोग की 2023-2024 की संपूर्ण राशि बकाया है। सरपंचों ने अनुरोध किया कि वे जल्द ही राज्य स्तर पर केंद्र सरकार से बात करें और फंड जारी कराने की दिशा में काम करें ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाएं प्रभावित न हों. श्रमिकों को भी कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। बीकानेर सरपंच संघ अध्यक्ष तोलाराम कुकणा ने बताया कि इस दौरान सियासर चौगान के सरपंच खलील खान, हड़मान नगर से काशीराम जाखड़, करणीसर भाटियान से गुलशेर, कुमारवाला से इस्माइल खान, बीकानेर रुणिया बड़ा बास से सुखराम गोदारा, रामसर से महेंद्र कस्वां आदि ने ज्ञापन दिया।

