पतंगबाजी में घायल होेकर दो दिनों में 300 से ज्यादा पहुंचे अस्पताल….


राजधानी जयपुर में रविवार और सोमवार को मकर संक्रांति पर दो दिन जमकर पतंगबाजी हुई, लेकिन इस दौरान मांझे से कटकर और पतंगबाजी के चक्कर में छत से गिरकर 300 से ज्यादा घायल शहर के एसएमएस सहित अन्य अस्पतालों में इलाज के लिए पहुंचे।

इनमें से ज्यादातर को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई तो कुछ अस्पताल में भर्ती भी हैं। एसएमएस अस्पताल से जुड़े ट्रोमा सेंटर के नोडल ऑफिसर डॉ. अनुराग धाकड़ के अनुसार ट्रोमा सेंटर में रविवार और सोमवार को दो दिनों में करीब 50 लोग पतंगबाजी के फेर में घायल होकर पहुंचे। इनमें मांझे से कटकर घायल हुए 30 और छत से गिरकर घायल होने वालों में 18 लोग शामिल हैं।

वहीं इनमें से तीन बच्चों और एक युवक को हालत गंभीर होने पर भर्ती किया गया है। इनमें एक छह साल, एक पांच साल का बच्चा, एक नौ साल की बच्ची और 19 वर्ष का युवक शामिल है। ये सभी पतंग लूटने के चक्कर में छत से गिर गए थे। सभी के ही सिर में गंभीर चोट लगी है।

ऐसे में इन्हें पॉलिट्रोमा वार्ड में भर्ती किया गया है। वहीं एक युवक का चाइनीज मांझे से गला कटा है, जिसे प्लास्टिक सर्जरी वार्ड में भर्ती किया गया है। बाकी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। वहीं शहर के अन्य सरकारी और निजी अस्पतालों में भी करीब 200 लोग पतंगबाजी से घायल होकर इलाज के लिए पहुंचे।


CATEGORIES
Share This