आरएएस मुख्य परीक्षा की तारीख आगे बढ़ाने की मांग……


जयपुर आरएएस मुख्य परीक्षा की तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर अभ्यर्थी सड़क पर आ गए हैं। अभ्यर्थियों ने मंगलवार को राजस्थान यूनिवर्सिटी में धरना शुरू कर दिया। इधर, राजस्थान यूनिवर्सिटी ने अभ्यर्थियों को कैंपस में धरने की अनुमति नहीं दी।

विवि की ओर से लिखित आदेश भी जारी कर दिया गया, इसके बाद भी अभ्यर्थी धरने पर बैठ गए। नियमानुसार बाहरी व्यक्ति या छात्र अन्य मांगों को लेकर यूनिवर्सिटी में धरना नहीं दे सकता। इधर, धरना स्थल पर अभ्यर्थियों ने गायत्री मंत्र का जाप किया। अभ्यर्थी हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर धरने पर बैठे। अभ्यर्थियों ने स्लोगन में लिखा कि राम की सौगंध, हम माफिया नहीं, अभ्यर्थी हैं, समय चाहिए। गौरतलब है कि राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से 27 और 28 जनवरी को आरएएस मुख्य परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। अभ्यर्थियों ने कहा कि पहली बार आरएएस मुख्य परीक्षा के लिए तीन महीने से कम समय दिया जा रहा है। इतना समय तैयारी के लिए पर्याप्त नहीं है। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि संशोधन कर तैयारी के लिए ज्यादा वक्त नहीं दिया तो सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे। इधर, रात को अभ्यर्थियों के एक प्रतिनिधि मंडल ने उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी से मुलाकात की। इसके बाद भी अभ्यर्थियों का धरना देर रात तक जारी रहा।

सरकार बदलने के बाद भी पेपर बनाने वाले वही विशेषज्ञ हैं, इनकी भूमिका संदिग्ध रही है।

नए सिरे से प्रिंटिंग और पेपर बनाने का काम किया जाए।

सरकारी सेवा में काम करने वाले परीक्षार्थियों की चुनाव में ड्यूटी लगने की वजह से उन्हें तैयारी का पर्याप्त वक्त नहीं मिल पाया।

प्रारंभिक परीक्षा और मुख्य परीक्षा के बीच कम से कम 3 महीने का वक्त रहना चाहिए।

छात्रों को धरने की अनुमति नहीं दी गई थी फिर भी आकर बैठ गए। इस संबंध पुलिस को सूचना कर दी गई है।-अल्पना कटेजा, कुलपति राजस्थान यूनिवर्सिटी

यूनिवर्सिटी में आरएएस मुख्य परीक्षा के अभ्यर्थियों का धरना जारी है। मौके पर जाप्ता तैनात है। उच्च अधिकारियों के निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


CATEGORIES
Share This