चीन में फैली सांस संबंधी बीमारी, यहां स्वास्थ्य विभाग की सांसें ऊपर-नीचे….


चीन में बच्चों में फैल रहे निमोनिया को देखते हुए केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी एडवाइजरी अनुसार बुधवार को चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने मॉक ड्रिल कर उपलब्ध संसाधनों व व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिले के 51 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 17 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 3 उप जिला अस्पताल, 2 जिला अस्पताल व एक मेडिकल कॉलेज से संबद्ध पीबीएम अस्पताल तक का हाल लिया गया। निरीक्षण संभाग, जिला व खंड स्तरीय अधिकारियों की ओर से किया गया। निरीक्षण के दौरान तैयारियों को कोविड लहर की आशंका के परिप्रेक्ष्य में परखा गया। खासतौर से देखा गया कि यदि कोविड जैसी कोई नई श्वसन बीमारी की लहर जिले तक पहुंचती है, तो हम कितने तैयार हैं ? और कितनी व्यवस्थाएं बाकी है ? इस पर मंथन किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मोहम्मद अबरार पंवार ने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान चिकित्सा संस्थानों में उपलब्ध बेड, आइसोलेशन बेड, ऑक्सीजन सपोर्टेड आइसोलेशन बेड, आईसीयू बेड, वेंटिलेटर बेड, मानव संसाधन की स्थिति, एम्बुलेंस सुविधा, जांच सुविधा, दवाइयों की उपलब्धता, उपकरण, तकनीकी सुविधा तथा उनकी आवश्यकता पड़ने पर क्रियाशीलता का जायजा लिया गया।


CATEGORIES
Share This