2102 बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाता घर बैठे करेंगे मतदान…..










विधानसभा चुनाव में इस बार ऐसे मतदाता जो 80 वर्ष से अधिक आयु के व दिव्यांग मतदाता जो मताधिकार का उपयोग करने के लिए मतदान केन्द्रों तक नहीं पहुंच सकते है, घर बैठे ही मतदान कर सकेंगे।
विधानसभा चुनाव में इस बार ऐसे मतदाता जो 80 वर्ष से अधिक आयु के व दिव्यांग मतदाता जो मताधिकार का उपयोग करने के लिए मतदान केन्द्रों तक नहीं पहुंच सकते है, घर बैठे ही मतदान कर सकेंगे। जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में ऐसे कुल 2102 बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाता है, जो अपने घर पर ही मतदान करेंगे। जिला निर्वाचन विभाग की ओर से ऐसे मतदाताओं के घर बैठे मतदान की सुविधा की गई है। मतदान दलों का गठन किया गया है। मंगलवार से घर बैठे मतदान की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी। मत पत्र के माध्यम से ऐसे मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे।
80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाताओं व दिव्यांग मतदाताओं के घर बैठे मतदान के लिए जिला निर्वाचन विभाग की ओर से 84 मतदान दलों का गठन किया गया है। इसमें बीकानेर पश्चिम, नोखा और कोलायत विधानसभा क्षेत्रों के लिए 15-15 दल गठित किए गए है। वहीं बीकानेर पूर्व, खाजूवाला और श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्रों के लिए 10-10 और लूणकरनसर विधानसभा क्षेत्र के लिए 09 दलों का गठन किया गया है।
घर बैैठे मतदान की सुविधा में नोखा विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाता है, जो अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। नोखा विधानसभा क्षेत्र में कुल 506 बुजुर्ग व दिव्यांगजन मतदाता अपने घर पर ही मताधिकार क उपयोग करेंगे। वहीं खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र में जिले में सबसे कम 132 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। बीकानेर पश्चिम में 370, बीकानेर पूर्व में 341, कोलायत में 294, लूणकरनसर में 238, श्रीडूंगरगढ़ में 221 मतदाता घर पर मताधिकार का उपयोग करेंगे।
घर पर मतदान की सुविधा के तहत सातों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1724 वरिष्ठ आयु के मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। वहीं 378 दिव्यांग मतदाता मतदान करेंगे। घर पर मतदान की व्यवस्था के लिए गठित मतदान दल घरों पर पहुंचेगा। मतदान की वीडियोग्राफी होगी। दल में सेक्टर ऑफिसर, सुपरवाइजर, बीएलओ, पुलिसकर्मी, वीडियोग्राफर भी शामिल होंगे। मत पत्र के जरिए मतदान होगा। मतदाता मतदान के बाद अपने मत पत्र को मतदान बॉक्स में डालेगा।

