ग्रहण सूतक शाम 4.05 बजे होगा प्रारंभ, राशियों पर यह रहेगा असर….










बीकानेर आश्विन शुक्ल पूर्णिमा शनिवार को शरद पूर्णिमा के रूप में मनाई जाएगी। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान होंगे। खीर महाप्रसाद का विशेष आयोजन होगा।
शरद पूर्णिमा पर इस बार चन्द्र ग्रहण का साया रहेगा। ज्योतिषाचार्य पंडित राजेन्द्र किराडू के अनुसार, खंड ग्रास चन्द्र ग्रहण मध्य रात्रि बाद 1.05 बजे प्रारंभ होगा। ग्रहण मोक्ष रात्रि 2.22 बजे होगा। चन्द्र ग्रहण का कुल समय 1 घंटा 17 मिनट 21 सेकण्ड रहेगा। ग्रहण का सूतक काल शनिवार शाम 4.05 बजे से प्रारंभ होगा।पंडित किराडू के अनुसार, खण्ड ग्रास चन्द्र ग्रहण पूरे भारत सहित यूरोप, एशिया, ऑस्ट्रेलिया, अफ्रीका, हिन्द महासागर सहित अनेक स्थानों पर दृश्यमान होगा। देश में यह चन्द्र ग्रहण दृश्यमान होने पर ग्रहण के लिए आवश्यक सभी नियम लागू होंगे। धर्मशास्त्रों में ग्रहण के दिन गंगा, कुरुक्षेत्र आदि पुण्य तीर्थों पर स्नान, दान, जप आदि का विशेष महत्व बतलाया गया है।
पंडित किराडू के अनुसार, दान खंड धार्मिक ग्रंथ के अनुसार, चन्द्र ग्रहण के दौरान सफेद चंदन, सुगन्ध युक्त पदार्थ, चांदी, वस्त्र, अन्न दान, गो दान, घी दान, स्वर्ण, नमक और सफेद वस्तुओं चावल, चीनी, वस्त्र आदि का दान विशेष फलप्रद है। चन्द्र ग्रहण के दौरान घरों, गली-मोहल्लों से लेकर मंदिर परिसरों तक हवन के आयोजन होंगे। श्रद्धालु लोग प्रभु नाम का स्मरण करते हुए आहुतियां देंगे। वहीं मंत्र जाप, पाठ, धार्मिक पुस्तकों का पठन, भजन, कीर्तन आदि के भी आयोजन होंगे। दान-पुण्य का क्रम चलेगा।
राशियों पर यह रहेगा असर
चन्द्र ग्रहण मेष राशि और अश्विनी नक्षत्र पर घटित हो रहा है। पंडित किराडू के अनुसार इस ग्रहण का फल मेष, वृषभ, कन्या, मकर राशियों के जातकों पर अशुभ, सिंह, तुला, धनु, मीन राशियों पर सामान्य- मध्यम फल और मिथुन, कर्क, वृश्चिक, कुंभ राशि के जातकों के लिए शुभ, सुखद रहेगा।…

