आचार संहिता के कारण अटका काम:पीबीएम अस्पताल का 12 करोड़ रुपए का टेंडर रद्द


विधानसभा चुनाव की आचार संहिता के कारण अतिआवश्यक सेवाएं भी ठप हो गई हैं। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के करीब 12 करोड़ के टेंडर निरस्त करने पड़े। यह सभी टेंडर दवाएं, उपकरण, टेस्ट किट और केमिकल्स कर खरीद से संबंधित थे।

विधानसभा चुनाव की आचार संहिता नौ अक्टूबर को दोपहर 12 बजे बाद लागू हुई थी।

मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने उसी दिन 12 बजे से पहले 7.10 करोड़ के टेंडर वेबसाइट पर अपलोड कर दिए। एक टेंडर 12.30 बजे बाद अपलोड हो सका। करीब पांच करोड़ के टेंडर सात और आठ अक्टूबर को अपलोड किए गए थे। सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक ने भी अलग से तीन टेंडर अपलोड किए। मामला उजागर होने पर जिला निर्वाचन अधिकारी भगवती प्रसाद कलाल ने कॉलेज प्रिंसिपल को नोटिस जारी कर दिया।

प्रिंसिपल ने अधीक्षक से जवाब मांग लिया। नतीजा, सभी टेंडर निरस्त करने पड़े। दरअसल यह टेंडर वेबसाइट पर तो अपलोड कर दिए, लेकिन इन्हें समाचार पत्रों में भी देना था। इसके लिए निर्वाचन आयोग की मंजूरी नहीं ली गई थी। प्रिंसिपल ने जिला निर्वाचन अधिकारी को जवाब भेज कर बताया कि सभी टेंडर निरस्त कर दिए गए हैं। आचार संहिता लागू होने के बाद एक टेंडर डॉक्यूमेंट्स के कारण लेट अपलोड हुआ था। उसे भी निरस्त कर दिया गया है।


CATEGORIES
Share This