H शेप आरओबी के लोकार्पण को लेकर राजनीति:


 

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सोमवार को आरटीओ के पास H शेप ओवरब्रिज का लोकार्पण करेंगे। ब्रिज के नामकरण को लेकर बीजेपी की ओर से लगाए गए आरोपों पर कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पलटवार किया है।

 

 

कांग्रेस नेता और राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह सोलंकी, कांग्रेस जिला अध्यक्ष उत्तर सलीम खान, जिला अध्यक्ष दक्षिण नरेश जोशी, विधायक मनीष पवार ने भाजपा नेताओं पर गुमराह करने का आरोप लगाया। कहा ओवरब्रिज का नाम भैरोसिंह शेखावत के नाम पर ही है।

 

पशुधन कल्याण बोर्ड अध्यक्ष और राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा पूर्व में जेडीए चेयरमैन रहे महेंद्र राठौड़ के समय मिनट्स में लिखा हुआ है कि इसका नाम भैरो सिंह शेखावत के नाम पर रहेगा। इसके बावजूद भ्रम फैलाया जा रहा है।

 

उन्होंने कहा- भैरोसिंह शेखावत का हम खुद सम्मान करते हैं। वे देश के उपराष्ट्रपति रहे, ये राजस्थान के लिए गौरव की बात है। हमने ओवरब्रिज का नाम चेंज नहीं किया, लेकिन बीजेपी के नेता भ्रांतियां फैला रहे हैं। यदि उन्हें लगा तो कलेक्टर से फोन करके जानकारी ले लेते, तब पता चल जाता। मीडिया में बयानबाजी कर गुमराह कर रहे हैं।

 

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा- शहर में कांग्रेस सरकार के विकास कार्यों को रोकने का काम बीजेपी की सरकार ने किया है। जोधपुर में बस स्टैंड के काम को भाजपा सरकार ने 5 साल तक रोके रखा। अब कांग्रेस की सरकार बनने पर ये काम पूरा हुआ।

 

आज आरटीओ के पास जो आरओबी बना है। इसकी शुरुआत महेंद्र सिंह ने अपने कार्यकाल में की। आर्मी ने इस ओवरब्रिज को रुकवा दिया था, लेकिन हमारी सरकार ने इस काम को रुकने नहीं दिया। क्योंकि ये जनता का काम था। हमारी पार्टी की सरकार की कभी मंशा नहीं रही कि पूर्व की सरकार के समय के विकास कार्यों को रोका जाए।

 

मेरे कार्यकाल में वीर दुर्गादास ओवरब्रिज का शिलान्यास हुआ। उसे रोकने का प्रयास भी बीजेपी ने किया लेकिन जनता का काम था इसलिए रुक नहीं सका।

 

कांग्रेस जिला अध्यक्ष उत्तर सलीम खान ने कहा आरटीओ के पास बने ओवरब्रिज के नाम को लेकर बीजेपी के नेता भ्रांतियां फैला रहे हैं। जबकि सरकार का नाम बदलने का कोई इरादा नहीं है। ब्रिज का नाम पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोसिंह शेखावत के नाम पर ही रहेगा।

 


CATEGORIES
Share This