BA के एग्जाम में पकड़ी गई फर्जी परीक्षार्थी:10 हजार रुपए के लालच में आई;










जोधपुर में प्रताप नगर थाना क्षेत्र के महिला पीजी महाविद्यालय में बी.ए. फर्स्ट ईयर के एग्जाम में फर्जी परीक्षार्थी पकड़ी गई है। पुलिस ने युवती को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि युवती को इस एग्जाम के बदले 10 हजार रुपए मिलने वाले थे। इन्हीं रुपयों के लालच में युवती दूसरे की जगह पर परीक्षा देने के लिए तैयार हो गई।
प्रताप नगर थाना अधिकारी भूटाराम ने बताया कि महिला पीजी महाविद्यालय में शुक्रवार को कोटा ओपन यूनिवर्सिटी के बी.ए. फर्स्ट ईयर का एग्जाम था। सुबह 9 बजे से 12 बजे तक यह एग्जाम चल रहा था। इसमें निरमा की जगह रामा नाम की लड़की परीक्षा दे रही थी।
इसका पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जिसे थाने लाया गया। पूछताछ में सामने आया कि दूसरे की जगह एग्जाम देने की एवज में उसे 10 हजार रुपए मिलने वाले थे। इसी रुपए के लालच में आकर युवती अन्य परीक्षार्थी की जगह पर परीक्षा देने के लिए पहुंची, लेकिन यहां इसका भंडाफोड़ हो गया।

