फर्जी मार्कशीट से पासपोर्ट रिन्यूअल करवाना चाहता था:डिपार्टमेंट की जांच में झूठ पकड़ा गया










सीकर के नेछवा इलाके के रहने वाले युवक ने पासपोर्ट रिन्यूअल करवाने के लिए फर्जी मार्कशीट से एप्लाई किया। जब डिपार्टमेंट ने इसकी जांच की तो पूरा झूठ पकड़ा गया। अब डिपार्टमेंट ने युवक के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करवाया है।
जयपुर पासपोर्ट ऑफिस के एडिशनल पासपोर्ट ऑफिसर (पॉलिसी) राजेंद्र नीमीवाल ने नेछवा थाने में मामला दर्ज करवाया है कि नेछ्वा इलाके रहने वाले राजेश ने अपने पासपोर्ट के रिन्युअल के लिए आवेदन किया। जिसने क्वालिफिकेशन में 10th पास होना बताया। राजेश ने राष्ट्रीय मुक्त विद्यालय शिक्षा संस्थान की मार्कशीट पेश की।
जब इस मार्कशीट का सत्यापन करवाने के लिए संस्थान को भेजा गया तो उन्होंने बताया कि यह मार्कशीट फर्जी है। राजेंद्र ने बताया कि इस तरह पासपोर्ट रिन्यूअल करवाना या फिर पासपोर्ट प्राप्त करना गैरकानूनी है। नेछवा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

