फर्जी मार्कशीट से डाक विभाग में नौकरी पर लगा










सीकर की कोतवाली थाना पुलिस ने फर्जी मार्कशीट के जरिए डाक विभाग में नौकरी पाने वाले युवक और फर्जी मार्कशीट उपलब्ध करवाने वाले एजेंट को गिरफ्तार किया है। कोतवाली थाने के एएसआई सोहनलाल ने बताया कि 18 नवंबर को सीकर के डाकघर अधीक्षक रामावतार सोनी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि विभाग की ओर से ग्रामीण डाक सेवक की भर्ती निकाली गई जिसमें अभ्यार्थियों का चयन दसवीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर किया गया। परीक्षा परिणाम की पहली सूची में महरौली निवासी लोकेंद्र सिंह शेखावत का चयन हो गया जिसने डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन में अपनी मार्कशीट सहित अन्य दस्तावेज पेश किए। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन होने के बाद लोकेंद्र ने रामगढ़ शेखावाटी में ड्यूटी भी ज्वाइन कर ली। लोकेंद्र ने चेन्नई बोर्ड की मार्कशीट पेश की। विभाग ने बोर्ड से इसका वेरिफिकेशन करवाया तो पता चला कि उसकी मार्कशीट फर्जी है।

