ट्रक की टक्कर से जीप में सवार 6 की मौत:जीप के परखच्चे उड़े, शवों को निकालने के लिए करनी पड़ी मशक्कत


सवारियों से भरी जीप को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 घायल हैं। घटना दौसा जिले के मंडावर रोड पर मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई है। घायलों को महवा और मंडावर हॉस्पिटल भेजा गया है। गंभीर रूप से घायल 4 लोगों को जयपुर रेफर किया गया है।

मंडावर थाना इंचार्ज जितेंद्र सोलंकी ने बताया- मरने वालों में 2 ही लोगों की पहचान हो पाई है। इनमें मुकेश बैरवा (27) पुत्र लक्ष्मण बैरवा निवासी उकरूंद, मंडावर और रमेश (40) पुत्र नारेडा निवासी बड़ाबास मंडावर शामिल हैं।

कोल्ड ड्रिंक से भरा ट्रक अलवर की ओर से महवा आ रहा था। सवारियों से भरी जीप महवा से मंडावर जा रही थी। महवा-अलवर स्टेट हाईवे पर उकरुंद गांव के बाहर हुडला पेट्रोल पंप के पास ट्रक ने जीप को टक्कर मार दी। जीप में 18 यात्री सवार थे। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि ट्रक पलट गया। जीप के परखच्चे उड़ गए। 4 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कई शव जीप में ही फंस गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत महवा और मंडावर पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में घायलों को महवा और मंडावर के हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान 2 लोगों ने दम तोड़ दिया। 4 गंभीर घायलों को जयपुर रेफर कर दिया गया।


CATEGORIES
Share This