ज्वेलर पर फायर करने वाले को क्रिकेट बैट से पीटा:



भरतपुर में ज्वेलर को गोली मारने वाले बदमाश जितेंद्र को स्थानीय युवकों ने दिलेरी से काबू में किया। सोमवार दोपहर 2.30 बजे 4 बदमाश अटलबंद थाना इलाके की पन्नालाल अजयकुमार नाम की ज्वेलरी शॉप में घुस गए थे। देसी कट्‌टा दिखाकर ज्वेलर से लॉकर की चाबी मांगी। नहीं देने पर जांघ में दो गोली मारी और वहां से भाग निकले। इस दौरान चार में से एक बदमाश जितेंद्र को आस-पास के व्यापारियों व युवकों ने पकड़ लिया।

फायरिंग की वारदात कोतवाली थाने से महज 150 मीटर की दूरी पर हुई थी। व्यापारियों का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने तुरंत कोतवाली थाना पुलिस को फोन किया, लेकिन जवाब मिला वह इलाका कोतवाली नहीं अटल बंद थाना इलाके में आता है।

तब तक तीन बदमाश फरार हो चुके थे और चौथे के हाथ में देसी कट्‌टा था। जब तक पुलिस अपना इलाका डिसाइड करती तब तक वहां मौजूद युवकों व व्यापारियों ने भागते बदमाश जितेंद्र पर एक स्टूल फेंक कर मारा। उसके बाद भी जितेंद्र व्यापारियों की तरफ कट्टा दिखाता रहा। तब एक युवक ने पास की स्पोर्ट्स की दुकान से डंबल उठाया और बदमाश में फेंक कर मारा तब बदमाश सड़क पर गिर गया और उसे वहां मौजूद लोगों और व्यापारियों ने पकड़ लिया। इसके बाद बदमाश को रस्सी से बांध दिया गया और बदमाश की क्रिकेट के बल्लों और डंडों से पिटाई कर दी गई।

घायल ज्वेलर अजय कुमार सराफ (50) को पुलिस ने आरबीएम हॉस्पिटल में भर्ती कराया। अजय कुमार मथुरा गेट थाना इलाके का निवासी है। घटना के बाद से इलाके के व्यापारियों में रोष है। बाजार बंद कर व्यापारी धरना देकर बैठ गए।


CATEGORIES
Share This