आज का मानसून अपडेट










पूर्वी भारत में बारिश के दो नए सिस्टम बनने से राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में आज शाम से हल्की बारिश का दौर शुरू हो सकता है। भरतपुर, कोटा के साथ जयपुर और उदयपुर संभाग के जिलों में तीन-चार दिन कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक इस सिस्टम का असर राज्य में कमजोर ही रहेगा, इस कारण किसी भी एरिया में मध्यम या तेज बारिश होने की संभावना अगले 4-5 दिन नहीं है।
जयपुर समेत प्रदेश के कई शहरों में बादल छाने के साथ हल्की उमस बढ़ गई। पिछले 24 घंटे के दौरान करौली जिले के टोडभीम एरिया में 3MM बारिश हुई, जबकि शेष राज्य में मौसम शुष्क रहा। मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि मानसून ट्रफ लाइन भी हिमालय की तरफ है, जिसके कारण उत्तराखंड, हिमाचल एरिया में अच्छी बारिश हो रही है और राजस्थान समेत मध्य भारत के राज्यों में अभी मानसून कमजोर है।
इसके साथ ही राजस्थान में अभी दक्षिण-पश्चिमी हवाएं भी एक्टिव हैं। इस कारण राज्य के पश्चिमी राजस्थान के हिस्सों में अगले एक सप्ताह या उससे ज्यादा दिन मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। अगस्त के आखिरी सप्ताह में कोई सिस्टम बनता है तो उससे जरूर कुछ बारिश होने की उम्मीद है।

