सर्दियों की तरह अब गर्मियों में शेल्टर हाउस










रैन बसेरों की तर्ज पर जयपुर में तेज गर्मी से लोगों को बचाने के लिए विश्राम स्थल शुरू करने की योजना बनाई जा रही है। जयपुर नगर निगम ग्रेटर ने इसके लिए अपने सामुदायिक केन्द्रों में विश्राम स्थल शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इस प्लानिंग पर चर्चा के लिए इसका एक प्रस्ताव भी अगली बोर्ड बैठक में रखा जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक नगर निगम ग्रेटर की 25 मई को साधारण सभा (बोर्ड बैठक) होनी है। इस बैठक में दो प्रस्ताव नगर निगम के सामुदायिक केन्द्रों से संबंधित रखे जाएंगे। पहले प्रस्ताव में इन सामुदायिक केन्द्रों को अत्याधुनिक सुविधाओं के अनुरूप विकसित करने से संबंधित है। इन सामुदायिक केन्द्रों में जो टूट-फूट है उसे ठीक करके उनका रेनोवेशन करना और उसमें पंखे, कूलर, एसी समेत अन्य सुविधाएं लगवाना है। वहीं दूसरा प्रस्ताव सामुदायिक केन्द्रों में विश्राम स्थल खोलना है। ताकि गर्मियों में लोगों को वहां पंखा-कूलर की हवा मिल सके और पीने के पानी की सुविधा हो सके। इन दोनों ही प्रस्तावों पर बोर्ड में चर्चा की जाएगी।

