12 साल की नाबालिग को बेचा:2 दलाल सहित 3 गिरफ्तार










सीकर की कोतवाली थाना पुलिस ने 12 साल की नाबालिग को बेचने और उससे अश्लील हरकतें करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जो 29 तक रिमांड पर हैं। सीकर पुलिस को 23 अगस्त को सूचना मिली की सीकर के रेलवे स्टेशन पर एक 12 साल की बच्ची और 24-25 साल का युवक ट्रेन के इंतजार में बैठे हैं।
बच्ची मदद के लिए लोगों से गुहार लगा रही है। जब स्टेशन पर मौजूद लोगों को मामला संदिग्ध लगा तो उन्होंने इसकी सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी। कोतवाली थाना पुलिस महिला पुलिसकर्मी के साथ स्टेशन पहुंची। पुलिस ने 12 साल की नाबालिग के बयान लिए तो नाबालिग ने बताया कि उसकी मां और नानी ने करीब डेढ़ महीने पहले नाबालिग को चंदवाजी क्षेत्र के ओमप्रकाश और रोहिताश को संभला दिया।
ओमप्रकाश और रोहिताश ने नाबालिग को सीकर के उद्योग नगर इलाके के रहने वाले नेमीचंद को 2.27 लाख रुपए में बेच दिया। ऐसे में पुलिस ने सबसे पहले स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज के आधार पर नाबालिग को खरीदने वाले आरोपी नेमीचंद (25) निवासी बाजौर को आईडेंटिफाई करके गिरफ्तार किया। इसके बाद नेमीचंद की निशानदेही पर नाबालिग को बेचने वाले दोनों आरोपी ओमप्रकाश जांगिड़ और रोहिताश गुर्जर को हरवाड़ा में चल रहे मेले में दबिश देकर गिरफ्तार किया। फिलहाल तीनों आरोपी 29 अगस्त तक रिमांड पर हैं। जिनसे पूछताछ जारी है। आरोपी की गिरफ्तारी में हेड कांस्टेबल दुर्गाराम, कांस्टेबल दिनेश, अनुराग और सज्जन की अहम भूमिका रही।

