लूट की चेन गोल्ड लोन में जमा कर लेते लोन










कोटा के महावीर नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चेन लूट के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से तीन अलग अलग वारदातों का खुलासा हुआ है। एसपी शरद चौधरी ने बताया कि महावीर नगर थाना इलाके में 18 अगस्त को आर्शीवाद आनंदम सोसायटी की रहने वाली नीलाक्षी श्रीवास्तव के साथ चेन लूट की वारदात हुई थी। बाइक सवार तीन बदमाशों में से एक ने उसके गले पर झपटटा मारकर चेन लूट ली थी। पुलिस ने नीलाक्षी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। फील्ड इन्टेलिजेन्सी और तकनीकी सहायता से सूचनाएं इकट्ठा की गई। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। मुखबिरों की सूचना और दूसरी जानकारियों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन युवकों को डिटेन किया। तीन युवक खेड़ा रसूलपुर निवाीस वीरप्पन मेघवाल(23), प्रेमनगर सैंकड निवासी हरिओम बैरवा(21), सांगोद का रिंकू मीणा( 19) ने पूछताछ में चेन लूट की वारदात स्वीकारी। तीनों बदमाशों को नाकाबंदी के दौरान पकड़ा गया था। आरोपियों के पास से बिना नंबरी बाइक भी बरामद की गई है जिसे जब्त कर लिया गया है। बाइक चोरी की होने की बात सामने आ रही है। पुलिस इसकी भी पड़ताल कर रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने जून में महावीर नगर थर्ड में, जुलाई में महावीर नगर पुलिस क्वार्टस के पास स्लिप लेन रोड पर और 18 अगस्त को चेन लूट कर वारदात कबूली है। इनसे अन्य वारदातों के बारे में जानकारी ली जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से और वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।

