राजस्थान मानसून अपडेट:धौलपुर, दौसा में 4 इंच बरसात










राजस्थान के पूर्वी क्षेत्र के कई जिलों में बीती रात तेज बारिश हुई। दौसा, धौलपुर, भरतपुर में कई जगह 2 से लेकर 4 इंच तक पानी बरसा। जयपुर में भी देर शाम बादल छाने के साथ ग्रामीण इलाकों में हल्की बारिश हुई। तेज बारिश के कारण इन धौलपुर, दौसा में कई जगह सड़कों पर आधा फीट तक पानी भर गया। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक बारिश का ये दौर अब अगले 24 घंटे के बाद से धीमा होने लगेगा।
पिछले 24 घंटे में दौसा के सिकराय और धौलपुर में सबसे ज्यादा 105MM (4 इंच) बारिश दर्ज हुई। धौलपुर में तेज बारिश के बाद सड़कों पर आधा फीट तक पानी भर गया। इधर भरतपुर, करौली में भी कई स्थानों पर 1 इंच से ज्यादा बरसात दर्ज हुई। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में जो लो-प्रेशर सिस्टम बना है वह आगे बढ़कर उत्तर प्रदेश तक आ गया है। इसी सिस्टम के असर से पूर्वी राजस्थान में पिछले 2-4 दिन से तेज बारिश हो रही है।
आज से धीमा होगा बारिश का दौर
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक वर्तमान में मानसून की ट्रफ लाइन थोड़ी नॉर्थ दिशा में खिसक गई और अभी अमृतसर, करनाल, मेरठ, लखनऊ, गया होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम सेंट्रल पाकिस्तान के ऊपर बना हुआ है। इस परिस्थितियों के कारण लो-प्रेशर सिस्टम अब रिकर्व होकर उत्तर-प्रदेश बिहार की तरफ जा रहा है, जिसके कारण राजस्थान में अगले 24 घंटे के दौरान बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी।

