फिर से बीकानेर में शामिल हो सकता है खाजूवाला-छत्तरगढ़










बीकानेर से अलग करके खाजूवाला और छत्तरगढ़ को अनूपगढ़ में मिलाने के निर्णय पर सरकार जल्द ही यूटर्न ले सकती है। कैबिनेट मंत्री और क्षेत्र के विधायक गोविन्दराम मेघवाल ने क्षेत्र के लोगों को आश्वासन देते हुए फिर से बाजार खोलने की अपील की है। हालांकि लगातार 10वें दिन भी खाजूवाला का बाजार बंद है।
कैबिनेट मंत्री ने अपने बयान में कहा है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से उनकी बात हो चुकी है और क्षेत्र के लोगों की भावनाओं के अनुरूप ही मुख्यमंत्री काम करेंगे। मेघवाल ने स्वयं रामलुभाया कमेटी को भी इस बारे में पत्र दिया है। अब खाजूवाला और छत्तरगढ़ दोनों को बीकानेर में फिर से शामिल करने का निर्णय जयपुर से हो सकता है।
कुछ नए जिलों की घोषणा के दौरान ही पहले से बने जिलों में आंशिक संशोधन भी हो सकता है। कयास लगाए जा रहे हैं कि आने वाले कुछ दिनों में इस बारे में घोषणा होगी। अब तक प्रशासन या फिर सरकार की तरफ से ऐसी कोई अधिकृत घोषणा नहीं की गई है। मंगलवार देर रात एक शिष्टमंडल मेघवाल से मुलाकात की थी। इसमें खाजूवाला के व्यापारीयों व विभिन्न समाजों के वरिष्ठ लोग शामिल हुए।

