Bikaner: पीबीएम अस्पताल में हड़ताल, 24 घंटे में खुला मामला….


बीकानेर पीबीएम अस्पताल में विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर चल रहे रेजिडेंट चिकित्सक चौबीस घंटे में ही काम पर लौट आए। यह चिकित्सक सोमवार रात को हड़ताल पर गए थे, लिहाजा उस वक्त कोई फर्क नहीं पड़ा

लेकिन मंगलवार सुबह एक भी रेजीडेंट चिकित्सक वार्ड में नहीं आया। इससे सारी व्यवस्थाओं की पोल-पट्टी खुल गई। वार्डों में भर्ती मरीज नर्सिंग कर्मियों के भरोसे रहे और भर्ती होने वाले रोगियों की संख्या भी कम रही। हालांकि, अब मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. गुंजन सोनी की अध्यक्षता में हुई रेजिडेंट्स चिकित्सक यूनियन की बैठक में सुलह होने के बाद सभी चिकित्सक काम पर लौट चुके हैं। प्राचार्य डॉ. सोनी ने भी इसकी पुष्टि की है।

रेजीडेन्ट चिकित्सकों की हड़ताल के कारण पहले ही दिन आउटडोर में मरीजों का पंजीकरण कम हो पाया। साथ ही भर्ती मरीजों की संख्या भी कम हो गई। चिकित्सक उन्हीं रोगियों को भर्ती कर रहे थे, जिनकी स्थिति गंभीर है। मंगलवार को जरूरी ऑपरेशन ही हो पाए। अस्पताल के सभी आउटडोर में 4514 मरीजों का पंजीकरण हुआ था। जबकि अन्य दिनों में यह आंकड़ा छह हजार के करीब पहुंच जाता है। इसी तरह 239 मरीजों को भर्ती किया गया। जबकि औसतन प्रतिदिन चार सौ मरीजों को भर्ती किया जाता है। इसी तरह मेजर ऑपरेशन 23 तथा माइनर ऑपरेशन 125 ही किए गए। सामान्य दिनों में मेजर ऑपरेशन करीब 40 एवं माइनर ऑपरेशन दो सौ के आसपास होते हैं।

1- अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. अनिता पारीक रेजिडेंट चिकित्सकों के वेतन, स्टाईपेण्ड सम्बन्धी कार्यों का प्रभावी पर्यवेक्षण करेंगी तथा यह सुनिश्चित करेंगी कि सभी रेजिडेन्ट चिकित्सकों को वेतन एवं स्टाइपेण्ड का भुगतान समय पर मिल सके।

2- सभी विभागाध्यक्ष रेजिडेन्ट चिकित्सकों की उपस्थिति निर्धारित समयानुसार शैक्षणिक शाखा को भेजेंगे।

3- अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. रेखा आचार्य रेजिडेंट चिकित्सकों के कल्याण के लिए कार्य करेंगी तथा नियमित अंतराल से छात्रावास में भ्रमण कर आवश्यक सुधारात्मक सुझाव प्रस्तुत करेंगी।

4- व्यास कॉलोनी थाना के एसएचओ सुरेन्द्र पचार ने आश्वासन दिया कि पीबीएम अस्पताल परिसर एवं छात्रावासों में पुलिस की नियमित गश्त कर निगरानी रखी जाएगी। सुरक्षा की दृष्टि से कैंसर अस्पताल का गेट बंद रखने का निर्णय लिया गया।

डॉ. सुरेन्द्र चौधरी अतिरिक्त प्रधानाचार्य प्रथम व तृतीय से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई सम्पादित कराएंगे। साथ ही 2023 बैच के रेजिडेन्ट चिकित्सकों की आईडी महाविद्यालय की लेखा शाखा में उपलब्ध कराएंगे।


CATEGORIES
Share This