Bikaner : में पाले की चेतावनी, फसल को हो सकता है नुकसान….










बीकानेर मौसम विभाग के अगले तीन-चार दिनों में तापमान में गिरावट के पूर्वानुमान को देखते हुए बागवानी विभाग ने सब्जियों और बगीचों में पाले से नुकसान की आशंका के चलते एडवाइजरी जारी की है।
संयुक्त निदेशक उद्यान हरलाल सिंह बिजारणियां ने बताया कि अगले तीन-चार दिनों में तापमान में गिरावट होने की संभावना है, जिससे पाले से बागवानी सब्जियों व बगीचों को नुकसान होने की आशंका है. बिजारणिया ने बताया कि सर्दी के मौसम में जब दोपहर से पहले ठंडी हवा चलती है और हवा का तापमान बेहद कम होने लगता है तथा दोपहर के बाद अचानक हवा चलना बंद हो जाती है तो पाला पड़ने की संभावना बढ़ जाती है.
पाले के कारण पौधों की कोशिकाओं में मौजूद पानी के जमने से कोशिका भित्ति फट जाती है, जिससे पौधे की पत्तियाँ, अंकुर, फूल और फल क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। कृषि अधिकारी उद्यानिकी मुकेश गेहलोत ने बताया कि सब्जियों एवं बगीचों को पाले से बचाने के लिए फसलों पर पाले की संभावना दिखते ही किसान फसलों को पाले से बचाने के लिए 0.1 प्रतिशत वाणिज्यिक सल्फ्यूरिक एसिड का छिड़काव कर सकते हैं। यदि पाला पड़ता रहे तो 15 दिन में दोबारा छिड़काव करें। उन्होंने कहा कि यदि पाला पड़ने की संभावना हो तो फसलों में हल्की सिंचाई करने की सलाह दी गयी है ताकि जमीन का तापमान अचानक न गिरे. नये स्थापित फलों के बगीचों में पौधों को पाले से बचाने के लिए उन्हें बोरे या घास के ढेर आदि से ढककर सुरक्षित रखें।

