Bikaner मतदान जागरूकता की थीम पर सजेगा बाजार……


बीकानेर इस बार मतदाता जागरूकता की थीम पर दिवाली का बाजार सजेगा। जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने बुधवार को दीपावली की तैयारियों का फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि मतदान जागरुकता की थीम पर बाजार, दुकान और मकान सजाने वाले प्रथम तीन स्थानों पर पुरस्कार दिये जायेंगे।

पहले तीन बाजारों और पहले तीन व्यक्तियों का चयन बीकेईएसएल द्वारा दो श्रेणियों में किया जाएगा। उन्होंने व्यापार एवं उद्योग मंडल के पदाधिकारियों से मतदान जागरूकता से संबंधित पोस्टर, बैनर, स्टीकर, बिल बुक पर टिकट आदि लगाने का आह्वान किया। जिला कलक्टर ने कहा कि महात्मा गांधी मार्ग, खजांची बाजार, तोलियासर भैंरूजी बाजार से लोगों के आवागमन के लिए प्रवेश पास की व्यवस्था की जाएगी। प्रवेश पास रानी बाजार पुलिया के नीचे स्थित यातायात पुलिस कार्यालय से जारी किये जायेंगे।

पास प्राप्त करने के लिए क्षेत्र के निवासियों को पते के प्रमाण पत्र (निवास प्रमाण पत्र) के साथ आईडी कार्ड लाना आवश्यक है। जिलाधिकारी ने कहा कि व्यवस्थाएं सुनियोजित रखने के लिए दुकानदार निर्धारित स्थान से अधिक सामान न रखें, अन्यथा सामान जब्त कर लिया जाएगा। अस्थाई विक्रेता दुकानों के आवंटन में दीपावली पर्व से संबंधित सामान बेचने वाले विक्रेताओं को प्राथमिकता मिलेगी। इन विक्रेताओं को अपने पास के साथ अपना मतदाता पहचान पत्र भी लाना होगा। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख सड़कों और चौराहों को लाइटिंग और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा. बाजारों में पार्किंग की विशेष व्यवस्था की जाएगी। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) जगदीश प्रसाद गौड़, नगर निगम आयुक्त केसर लाल मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) दीपक कुमार शर्मा, पीएचडी अधीक्षण अभियंता राजेश पुरोहित, डीवाईएसपी अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारी तथा व्यापार उद्योग मंडल अध्यक्ष मनमोहन कल्याणी एवं अन्य सदस्य उपस्थित थे।


CATEGORIES
TAGS
Share This