युवक ने फंदा लगाकर दी जान










गुमानपुरा थाना क्षेत्र के बंगाली कॉलोनी में रहने वाले एक युवक ने सोमवार देर रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक राहुल भट्टाचार्य (24) थेगड़ा में मूर्ति बनाने का काम करता था। गुमानपुरा थाना एएसआई होशियार सिंह ने बताया कि राहुल भट्टाचार्य ने रात को अपने कमरे में फंदा लगा लिया। रात को उसकी मामी खाना खाने के लिए गई तो अंदर से दरवाजा लगा हुआ था।
दरवाजा खटखटाने पर अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने घर के दूसरे लोगों को बुलाया। दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो राहुल फंदे पर लटका हुआ था। परिजन तुरंत फंदे से उतार कर निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राहुल के पिता आरसीसी के ठेकेदार हैं, जो आरसीसी का ठेका लेने के कारण सुवासरा मध्यप्रदेश में रह रहे थे। उसकी मां 24 सितंबर को खाटू श्याम के दर्शन के लिए गई हुई थी। राहुल घर पर अकेला था। रिश्तेदारों ने बताया कि राहुल हंसमुख स्वभाव का था। रात को 9 बजे करीब वह अपने मामा के घर पर गया था।
उसकी मामी ने राहुल को खाना खाने के लिए कहा, लेकिन वह कुछ देर रुकने के बाद वहां से अपने घर पर चला गया था। उसके चेहरे पर किसी बात को लेकर डिप्रेशन जैसा नजर नहीं आ रहा था। उसकी मां घर पर नहीं होने से उसकी मामी रात 11 बजे करीब राहुल को खाना खाने के लिए बुलाने गई थी। इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी लगी।

