ट्रेन में झगड़ा स्टेशन पर की हत्या


जगतपुरा रेलवे स्टेशन के पास बाइक से आए बदमाशों ने लाठी और डंडों से वार कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी। पुलिस ने जयपुरिया अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के लिए शव को रखवा दिया। पुलिस अब आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है, ताकि बदमाशों को पकड़ा जा सके। जवाहर सर्किल थाना सीआई विनोद ने बताया कि मृतक चन्द्राश मीणा (50) खोरा बस्सी का रहने वाला था। वह जगतपुरा बिजली विभाग में ठेके पर गाड़ी चलाने का काम करता था। चन्द्राश गुरुवार सुबह जगतपुरा रेलवे स्टेशन आया। ट्रेन में सीट पर बैठने की बात को लेकर कुछ लड़कों से उनका विवाद हुआ था। जगतपुरा स्टेशन से उतर कर वह चाय की दुकान के पास खड़ा था। तभी बाइक सवार बदमाश आए और लाठी और डंडों से उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। बदमाश लहुलुहान हालत में उसे छोड़कर भाग गए। सूचना पर पहुंची जवाहर सर्कल थाना पुलिस ने चन्द्राश को जयपुरिया अस्पताल भिजवाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


CATEGORIES
Share This