ऑनलाइन जॉब के नाम पर 3 लाख गंवाए


ऑनलाइन जॉब देने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीड़ित को एक ऑनलाइन लिंक भेजकर क्लिक करके रेटिंग देने पर पचास रुपए का भुगतान किया गया। भुगतान उसके खाते में डालने के लिए जानकारी ली। चार से पांच बार भुगतान करने के बाद आरोपियों ने उसके खाते से तीन लाख रुपए निकाल लिए।

श्रीगंगानगर के लालगढ़ जाटान निवासी रामचंद्र पुत्र डालूराम ने बताया कि उसने सोशल मीडिया पर ऑनलाइन जॉब से जुड़ा एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन पर क्लिक किया तो उसके फोन नंबर की जानकारी ली गई। कुछ ही देर में उसे एक महिला का फोन आया। फोन करने वाली महिला ने उसे बताया कि उसे ऑनलाइन जॉब के तहत कुछ लिंक भेजे जाएंगे।
पीड़ित को इन लिंक को क्लिक करके इसमें रेटिंग देनी होगी। इन रेटिंग की एवज में उसे प्रति रेटिंग पचास रुपए का भुगतान मिलेगा। इसके बाद उसे दिन में कई लिंक मिलने लगे। वह उन्हें रेटिंग दे देता।

आरोपियों ने ली बैंक खाते की डिटेल
कुछ दिन बाद आरोपी की तरफ से फोन आया। आरोपी ने उसके काम की एवज में उसे मिली राशि का भुगतान करने के लिए उससे बैंक खाते की डिटेल मांगी। इस पर उसने अपनी पत्नी के खाते की डिटेल दे दी।

यह डिटेल लेने के बाद भी कई दिन तक आरोपी उसके खाते में रेटिंग करवाने की एवज में रुपए जमा करवाते रहे। उसका विश्वास इन लोगों पर पक्का हो गया।वह आरोपियों के दिए लिंक पर क्लिक करता रहा और उसे इसकी एवज में प्रतिलिंक पचास रुपए मिलते रहे। रुपए के लालच में पीड़ित आरोपियों से जुड़ा रहा।

पिछले दिनों उसे अपनी पत्नी के खाते से तीन लाख रुपए निकलने का मैसेज प्राप्त हुआ। उसने बैंक से पता किया तो रुपए उन्हीं लोगों के निकालने का पता लगा, जो कि अब तक उसके खाते में प्रति लिंक पचास रुपए जमा करवा रहे थे। इस पर आरोपी ने लालगढ़ जाटान थाने पहुंचकर मामला दर्ज करवाया। मामले की जांच एएसआई गुरदेवसिंह को दी गई है।


CATEGORIES
Share This