आज का मानसून अपडेट:राजस्थान के 5 जिलों में दो दिन भारी बारिश का अलर्ट










राजस्थान में धीमा पड़ा मानसून अब फिर स्पीड पकड़ने लगा है। जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और जोधपुर संभाग के 20 जिलों में बीती रात बारिश हुई। पाली, जोधपुर जिलों में भी देर शाम तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई।
सवाई माधोपुर, धौलपुर, बारां जिलों के कुछ हिस्सों में एक इंच या उससे ज्यादा बरसात दर्ज हुई। मौसम विभाग ने आज और कल कोटा-उदयपुर संभाग के 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
सूखे और तेज गर्मी की मार झेल रहे पश्चिमी राजस्थान के कुछ जिलों में भी इस मानसून सिस्टम का असर देखने को मिला। जोधपुर, पाली, चूरू, नागौर समेत कई जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी से किसानों और यहां के लोगों को राहत मिली।
हालांकि, पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, जैसलमेर के लोग अब भी तेज गर्मी की मार झेल रहे हैं। कल बीकानेर में दिन का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि जैसलमेर में पारा 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

