शहर में पनप रहा नशा व जुआ युवाओं को कर रहा बर्बाद


बीकानेर। शहर में नशा व जुआ इतना बढ गया है कि अब इस नशे के खिलाफ लोगों को सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। भिन्न-भिन्न प्रकार के नशे व जुए में बर्बाद हो रहे युवाओं को देखते हुए आज बड़ी संख्या में युवाओं ने कलेक्ट्रट पहुंचकर इस नशे व जुए को बंद करने की मांग की। युवा नेता श्याम सिंह हाडला ने बताया कि शहर में नशा व जुआ इस कदर पनप चुका है कि हर तीसरा युवा इसके गिरफ्त में है। युवाओं का करियर बर्बाद हो रहा है, परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हो रहे है, क्राइम बढ़ रहा है। इन सबको ध्यान में रखते हुए आज शहर के युवाओं के साथ यहां पहुंचे और पुलिस व जिला प्रशासन को चेतावनी दी कि इस नशे व जुए पर लगाम लगाए, अन्यथा शहर की जनता को कानून हाथ में लेना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस थाना के नीचले स्तर की मिलीभगत के कारण ये सब हो रहा है, ऐसे में पुलिस अधीक्षक से आग्रह किया ऐसे कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए। वहीं, युवा नेता सुभाष स्वामी ने कहा कि शहर में नशा कैंसर की तरह फैल रहा है, अगर इस पर रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले दिनों में बुरे हालातों से गुजरना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भिन्न-भिन्न प्रकार के नशे शहर में जगह-जगह बिक रहे है, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं करती है। थाने में नीचले स्तर के कर्मचारी मिले हुए है, जिसके कारण यह नशा दिनों दिन पनप रहा है, कहीं ना कहीं नशे बेचने को संरक्षण उपलब्ध है। अगर इसे नहीं रोका गया तो हम सड़कों पर उतरेंगे। स्वामी ने कहा कि हमने नशे के विरुद्ध आज से अभियान चलाकर शुरुआत की है, जिसमें हमारा प्रयास रहेगा कि बीकानेर शहर को नशे से मुक्त करवाना है, ताकि युवा पीढ़ी का बचाव हो सके। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन को भी हमने चेतावनी दी है वे इस नशे व जुए के खिलाफ कड़ा एक्शन ले तथा संबंधित थानों के बीट कांस्टेबल को यह निर्देश करें कि संबंधित कर्मचारी के क्षेत्र में अगर नशा व जुआ होता नजर आया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


CATEGORIES
Share This