कॉपी जांचने वाले शिक्षकों की लापरवाही : नौ हजार से अधिक स्टूडेंट्स के बदलने पड़े परिणाम, कार्यवाही की तैयारी शुरू










राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की वर्ष 2024 की 10वीं व 12वीं की परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाएं जांचने वाले शिक्षकों की लापरवाही अब सामने आ रही है। बोर्ड को इन शिक्षकों की गलती के चलते 9 हजार से अधिक स्टूडेंट्स के परिणाम बदलने पड़ रहे हैं। बोर्ड इन सभी स्टूडेंट्स को नई मार्कशीट जारी करेगा। साथ ही लापरवाह शिक्षकों पर कार्यवाही की भी तैयारी की जा रही है। इसके लिए कवायद शुरू हो गई है।


दरअसल बोर्ड ने 10वीं और 12वीं की वर्ष 2024 की मुख्य परीक्षाओं के परिणाम के बाद असंतुष्ट परीक्षार्थियों को संवीक्षा का अवसर दिया था। बोर्ड को 10वीं व 12वीं कक्षाओं के लिए प्रदेश भर से 37 हजार 464 स्टूडेंट्स के आवेदन मिले। बोर्ड ने इन सभी आवेदकों की उत्तर पुस्तिकाओं को निकलवा कर एक्सपर्ट से वापस जांच कराई। इसमें से 9 हजार 51 स्टूडेंट्स ऐसे हैं जिनके दावे को बोर्ड ने सही माना। इनमें टोटलिंग करने में शिक्षकों की खामियां सामने आईं। इसके नतीजे में स्टूडेंट्स के अंक बढ़ रहे हैं। पूर्व के परिणाम के हिसाब से अब अंक बढऩे पर बच्चे की श्रेणी तक भी चेंज होने से इंकार नहीं किया जा रहा है। बोर्ड यह भी दिखवा रहा है कि इन स्टूडेंट्स के कितने-कितने अंक बढ़े हैं।

