Bikaner: राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा पर कोटगेट पर दिवाली की रोशनी, सजी पटाखों की दुकानें…..










बीकानेर अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की खुशी में बीकानेर भी सजधज कर तैयार है। शहर के सबसे ऐतिहासिक कोटगेट को खास तौर पर सजाया गया है, वहीं परकोटे के अधिकांश गेट पर भी सजावट हुई है।
शहर के चित्रकारों ने मंदिरों में भगवान राम का दरबार ही सजा दिया है तो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने पुष्करणा स्टेडियम तक पथ संचलन किया। आम लोगों ने भी अपने घरों पर खास सजावट की है। मंदिरों में सुबह से रामधुन हो रही है। बीकानेर नगर निगम ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर शहर के प्रमुख स्थानों पर सजावट का निर्णय किया।
इसी के तहत कोटगेट को सजाया गया। रविवार रात ही कोटगेट सजधज कर तैयार हो गया था। दीपावली की तरह कोटगेट को सजाया गया है। कोटगेट से केईएम रोड और दाऊजी मंदिर तक जगह-जगह लोगों ने अपने स्तर पर भी सजावट की है। इसके अलावा गोकुल सर्किल को भगवा रंग से सराबोर कर दिया गया है। पुष्करणा स्टेडियम के आसपास सड़कों पर भी रंगोली सजाई गई। यहां चित्रकार मोना सरदार डूडी के नेतृत्व में पक्के रंग से रंगोली सजाई गई। डूडी के नेतृत्व में ही विश्वकर्मा गेट के पास स्थित हनुमान मंदिर में चित्रकारी की गई। इस दौरान भगवान श्रीराम के साथ ही हनुमानजी के चित्र उकेरे गए।
बीकानेर के बजरंग धोरे पर दिनभर आयोजन हो रहे हैं। मंदिर के संचालक पंडित आशीष दाधीच ने बताया कि भगवान श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान मंदिर में सुंदर कांड का आयोजन होगा। इसके बाद शाम को हनुमान चालीसा होगी। दिनभर रामधुन चलेगी। मंदिर को विशेष तौर पर सजाया गया है। इस मंदिर में हनुमानजी की मुख्य प्रतिमा के साथ ही राम दरबार भी आकर्षण का केंद्र है।
राम मंदिर में सुंदर कांड
गजनेर रोड पर जवाहर पार्क के पास स्थित राम मंदिर में भी दो दिन से तैयारी चल रही है। इस दौरान मंदिर में सुंदर कांड के पाठ हो रहे हैं। मंदिर को मुख्यद्वार से अंदर तक सजाया गया है। मंदिर में सुबह से दर्शन करने वालों की भीड़ लगी हुई है।

