सीएम भजनलाल शर्मा डूबे भक्ति भाव में…..










अयोध्या राम मंदिर में प्रभु श्रीराम की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर आज सीएम भजनलाल शर्मा पूरी तरह से भक्तिभाव में डूबे नजर आए. सीएम शर्मा ने आज सुबह से ही धार्मिक स्थलों पर जाकर शीश नवा रहे हैं.
वहीं उन्होंने मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा की पूर्व संध्या पर प्रदेश की जनता को तीन बड़े गिफ्ट देने का ऐलान भी किया. मुख्यमंत्री शर्मा ने आज अपने दिन की शुरुआत ही मंदिर दर्शनों से की. सीएम दोपहर तक तीन मंदिरों में जाकर दर्शन कर चुके हैं. अभी उनका सालासार बालाजी और खाटूश्यामजी मंदिर जाने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है.
सीएम भजनलाल शर्मा सोमवार को सुबह सबसे पहले राजधानी जयपुर के मानसरोवर स्थित राम जानकी मंदिर पहुंचे और वहां दर्शन कर पूजा अर्चना की. उसके बाद सीएम प्रतापनगर के सेक्टर 18 में स्थित दहलावास बालाजी मंदिर पहुंचे और वहां भी दर्शन किए. सीएम यहां से रवाना होकर प्रतापनगर में स्थित रामचन्द्र जी प्रेम मंदिर पहुंचे. वहां उन्होंने दर्शन करने के बाद अयोध्या राम मंदिर में प्रभु श्रीराम की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा का सीधा प्रसारण देखा.
सीएम भजनलाल ने मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा की पूर्व संध्या पर राजस्थान के पांच जिलों के छह स्थानों पर श्री राम-जानकी औद्योगिक क्षेत्र बनाने का बड़ा ऐलान किया. ये औद्योगिक क्षेत्र जयपुर, बीकानेर, सवाई माधोपुर, बाड़मेर और नागौर में स्थापित किए जाएंगे. इसके साथ ही भिवाड़ी में श्री राम-जानकी आवासीय योजना के तहत 208 भूखंड आंवटित करने की भी घोषणा की.
वहीं सीएम ने इसके अलावा आज रामभक्तों को बड़ा तोहफा देते हुए प्रदेश के सात संभाग मुख्यालयों से अयोध्या के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू करने का भी ऐलान किया. रोडवेज की ये बसें जयपुर, जोधपुर, भरतपुर, बीकानेर, उदयपुर और कोटा सहित अजमेर संभाग मुख्यालय से चलाई जाएंगी. सीएम शर्मा ने राम मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा होने पर देश और प्रदेशवासियों को बधाई दी है.
सीएम का अब दोपहर में ढाई बजे देशभर में प्रसिद्ध सालासर बालाजी जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है. वहां वे सालासर बालाजी के दर्शन कर 11000 दीपोत्सव महाआरती कार्यक्रम में शामिल होंगे. वहीं उसके बाद वे शाम को खाटूधाम पहुंचेंगे. वहां श्याम बाबा के दर्शन कर दीपोत्सव में शामिल होंगे. उसके बाद रात को वापस जयपुर पहुंचकर अलबर्ट हॉल पर आयोजित रामोत्सव कार्यकम में शामिल होंगे.

