महल से सड़क पर आया राजपरिवार का विवाद……


बीकानेर के राज परिवार में चल रहा सम्पत्ति विवाद अब पूरी तरह से सड़क पर आ गया है। बीकानेर रियासत की पूर्व राजकुमारी और बीकानेर पूर्व से विधायक सिद्धि कुमारी की बुआ राज्यश्री कुमारी ने अपनी भतीजी पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है।

उनका कहना है कि सिद्धि कुमारी विधायक होने और सत्ता में होने का फायदा उठा रही है। उन्होंने कहा कि सिद्धि ने राजमाता के स्वर्गवास के 12 दिनों में ही मेरी बहनों और बच्चों पर मुकदमा दर्ज करवा दिया था। बता दें भाजपा से बीकानेर पूर्व की विधायक और राज्यश्री कुमारी की भतीजी सिद्धि कुमारी ने 3 जनवरी को अपनी बुआ और पांच अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया था।

इस घटनाक्रम के बाद अब राज्यश्री कुमारी सार्वजनिक तौर पर सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि उनकी भतीजी उनका मानसिक रूप से उत्पीड़न कर रही है। विधायक और सत्ता में होने का भी पूरा फायदा उठा रही है। हालांकि राज्यश्री ने भाजपा और उसकी सरकार के बारे खामोशी ही इख्तियार रखी। परिवार की लड़ाई सार्वजनिक होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जो इंसान राजमाता के गुजरने के 12 दिनों के अन्दर ही केस दर्ज करवा सकता है तो उसके बारे में हम क्या कहें. परिवार के मतभेद तो सिद्धि पहले ही सड़क पर ले आई थी। राज्यश्री कुमारी ने कहा कि सिद्धि ने जब पारिवारिक सम्पत्ति अपनी होने की घोषणा चुनाव आयोग के सामने की तो हमने हकीकत सामने लाने के लिए कहा कि अभी सम्पत्ति बंटवारे को खुलासा नहीं किया गया है। इस पर भी सिद्धि ने सैलरी पर काम करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज करवा दी। हम तो अब भी चुप हैं। मैं अपने पिता महाराजा डॉ. करणी सिंह के दिए संस्कारों को आगे बढ़ा रही हूं। लेकिन प्रॉपर्टी के लिए सिद्धि इतना आगे बढ़ गई कि रिश्तों को भी ताक पर रख दिया और विवाद को सड़कों पर ले आई।

3 जनवरी को भाजपा विधायक सिद्धि कुमारी ने अपने एजेंट संजय शर्मा के जरिए बीकानेर के सदर थाने में अपनी बुआ राज्यश्री कुमारी और पांच अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया था। इस विवाद का हल कब निकलेगा और किसके हिस्से में क्या मिलेगा, ये तो वक्त ही बताएगा। लेकिन बीकानेर राजपरिवार के झगड़े ने यहां की अवाम के दिलों को जरूर ठेस पहुंचाई है। क्योंकि बीकानेर के पारंपरिक लोग आज भी राजपरिवार के लिए अपने दिलों में बहुत सम्मान रखते हैं।


CATEGORIES
Share This