पत्नी की मौत के बाद गम में डूबे पति ने मौत को लगाया गले……


बीकानेर से भावुक कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां पत्नी की मौत के बाद गम में डूबे पति ने उसकी तेरहवीं पर मौत को गले लगा लिया. सुसाइड करने वाला पति 12 दिन तो जैसे-तैसे करके अपने गम को छिपाकर बैठा रहा है.

लेकिन 13वें दिन उसके सब्र का बांध टूट गया और उसने अपनी जान दे दी. इस घटना से उसके दोनों बच्चों के सिर पर से माता और पिता का साया उठ गया. इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है.

जानकारी के अनुसार मामला बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना इलाके के लखासर गांव का है. लखासर निवासी भंवरसिंह की पत्नी का पिछले दिनों हदृयाघात से निधन हो गया था. इससे उनको बड़ा झटका लगा और वे उदास रहने लग गए. उसके बाद 12 दिनों तक रिश्तेदारों और अन्य लोगों का आना जाना लगा रहा. सोमवार को ही उसकी पत्नी की तेरहवीं की रस्म खत्म हुई थी. रिश्तेदार आकर सभी रस्में पूरी कर चले गए.

उसके बाद भंवर सिंह ने खुद को कमरे में बंद कर लिया. बाद में रात को भंवरसिंह ने अपने घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. परिजनों को जब उनके कमरे में कोई हलचल नहीं हुई तो चिंता हुई. परिजन उनके कमरे में पहुंचे तो वे सन्न रह गए. बाद में वहां कोहराम मच गया. इस घटना से 14 वर्षीय बेटी और 8 वर्षीय बेटे के सिर से माता-पिता का साया उठ गया.

ग्रामीणों को भी जैसे ही इस घटना पता चला तो पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया. बाद में पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया. बाद में स्थानीय अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया. इस संबंध में मृतक के भाई भगवान सिंह ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई है.


CATEGORIES
Share This