Bikaner : शिक्षा विभागीय मंत्रालयिक कर्मचारियों की खेलकूद प्रतियोगिताएं पांच दिसंबर से…..










बीकानेर शिक्षा विभागीय मंत्रालयिक कर्मचारियों की 50 वीं स्वर्ण जयंती खेलकूद प्रतियोगिताएं 5 दिसंबर से शुरू होंगी। तीन चरणों में होने वाली इन प्रतियोगिताओं में पहला चरण जिला स्तर पर 5 व 6 दिसंबर को होगा।
दूसरा चरण मंडल स्तर पर 14 व 15 दिसंबर को तथा तीसरा चरण राज्य स्तर पर 27 से 30 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। मंडल स्तर पर चयनित खिलाड़ियों का प्रशिक्षण 19 से 22 दिसंबर तक होगा।शिक्षा विभागीय मंत्रालयिक कर्मचारियों की 50 वीं राज्य स्तरीय स्वर्ण जयंती खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के आयोजन की जिम्मेदारी बीकानेर के सादुल स्पोर्ट्स स्कूल को सौंपी गई है। इनका आयोजन 27 दिसंबर से 30 दिसंबर तक किया जाएगा। बीकानेर शिक्षा निदेशालय की टीमों का चयन सीधे राज्य स्तर के लिए 14 व 15 दिसंबर को किया जाएगा। राज्य स्तर के लिए चयनित खिलाड़ियों का प्रशिक्षण 19 से 22 दिसंबर तक होगा।
शिक्षा विभाग में कार्यरत मंत्रालयिक कर्मचारियों की 33 तरह की विभिन्न खेलकूद तथा सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। इनमें 13 खेलों के अलावा 12 एथेलेटिक्स इवेंट्स तथा 8 सांस्कृतिक प्रकार की प्रतियोगिताएं होती हैं। खेलों में बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, कैरम, शतरंज, बैडमिंटन, कबड्डी, फुटबॉल, क्रिकेट बॉल टेनिस, रस्साकशी, सतोलिया, खो-खो, तथा योगा शामिल हैं। योगा में 10 तरह के इवेंट शामिल किए गए हैं, जिनमें सरल योगा, कपाल भाती, अनुलोम, विलोम, ताड़ासन, मयूरासन, भुजंगासन, चक्रासन, भ्रामरी तथा भ्रस्तिका शामिल हैं। एथलेटिक्स में 100, 200, 400, 800 मीटर दौड़, 4 गुणा 100 तथा 4 गुणा 400 रिले दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, त्रिकूद, तश्तरी फेंक, भाला फेंक, गोला फेंक के इवेंट होंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मंत्रालयिक कर्मचारी 8 तरह की प्रतियोगिताओं में भाग ले सकेंगे। उनमें सुगम संगीत, एकाभिनय, एकल नृत्य, विचित्र वेशभूषा, हारमोनियम वादन, तबला वादन, ढोलक वादन तथा झांझ वादन प्रतियोगिताएं शामिल हैं।

