राजस्थान में नई सरकार बनाने में जुटे भाजपा-कांग्रेसी…..,










।राज्य के दोनों प्रमुख दलों के नेता पार्टी से बागी होकर निर्दलीय मैदान में उतरे नेताओं के अलावा अन्य दलों के आला नेताओं व उम्मीदवारों से भी संपर्क साध रहे हैं। बताया जा रहा है कि पश्चिमी राजस्थान में हाल ही नई बनी पार्टी भारतीय ट्राइबल पार्टी (बाप) से भी संपर्क साध रहे हैं। इस पार्टी के 3 से 5 उम्मीदवार जीतने की स्थिति में हैं। जो दल पूरी तरह समर्थन में आएगा, उसको भी बाड़ाबंदी में शामिल किया जा सकता है।
दोनो दलों के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार जो पार्टी छोड़ कर बागी हुए हैं। उन्हें यह कहा जा रहा है कि वे तो घर के ही हैं। यदि जीतते हैं तो वापस आ जाएं। पार्टी उनका पूरा सम्मान रखेगी। उनसे किसी तरह का गिला शिकवा नहीं रहेगा। कुछ ‘मजबूरियां’ रहीं, जिस वजह से टिकट नहीं मिल सका। सरकार बनी तो बड़ी जिम्मेदारियां भी दी जाएंगी और ‘हर तरह’ से ख्याल रखा जाएगा।
भाजपा नेता वैसे तो खुले तौर पर दावा कर रहे हैं कि उन्हें किसी की जरूरत नहीं। पार्टी को पूरा बहुमत आ रहा है, लेकिन अंदर ही अंदर चार बड़े नेता जरूर बागियों-निर्दलीयों से सम्पर्क में जुटे हुए हैं। नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ और प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी बैठकों में व्यस्त रहे, वहीं वसुंधरा राजे अपने आवास पर ही अलग-अलग लोगों से मिलती रहीं। सांचौर से चुनाव लड़ रहे भाजपा के बागी जीवाराम चौधरी को जन्मदिन की बधाई भी दी। चौधरी ने इसका एक वीडियो बनाया, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। वसुंधरा राजे देर शाम संघ कार्यालय भी पहुंचीं और राज्यपाल से भी मुलाकात की।
चुनाव परिणाम के बाद की स्थिति को लेकर कांग्रेस में भी दिनभर बैठकों का दौर चला। कांग्रेस की ओर से यह जिम्मेदारी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत संभाल रहे हैं। उनके साथ प्रदेशाध्यक्ष गोविंद डोटासरा भी लगातार संपर्क में हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से विधानसभा अध्यक्ष सी.पी. जोशी सहित 25 से 30 नेता व प्रत्याशियों ने मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान उम्मीदवार से मुख्यमंत्री ने फीडबैक भी लिया। उधर, कांग्रेस वॉर रूम भी फिर सक्रिय हो गया है। वॉर रूम में मतदान के बाद की स्थिति को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।

