Bikaner : 3 अल्पसंख्यक समुदाय के नेताओं का इस्तीफा….










एक महीने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ बीकानेर जिले के 90 से ऊपर मुस्लिम नेताओं की मुलाकात का असर अब बेअसर होता दिख रहा है। बीकानेर पश्चिम और पूर्व से प्रत्याशी घोषित होते ही अल्पसंख्यक वर्ग के तीन नेताओं ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है।
शहर कांग्रेस उपाध्यक्ष अब्दुल मजीद खोखर ने बीकानेर पश्चिम से निर्दलीय या राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी से चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। दरअसल एक महीने पूर्व बीकानेर से करीब 90 से ऊपर मुस्लिम नेता एकजुट होकर मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उनसे बातचीत की और कहा कि शिक्षा संबंधी जो भी इशू हैं वह अभी हल किए जाएंगे और बाकी अगली सरकार में आपका ध्यान रखा जाएगा।
मुस्लिम नेताओं का दावा है कि उस वक्त बीकानेर जिले से किसी एक विधानसभा सीट पर अल्पसंख्यक वर्ग को लड़ाने पर बात हुई थी लेकिन कांग्रेस ने जिले की 6 सीटों में से अब तक एक भी सीट पर अल्पसंख्यक वर्ग का कैंडिडेट नहीं दिया। इससे समाज आहत है। इससे नाराज होकर शहर कांग्रेस उपाध्यक्ष अब्दुल मजीद खोखर और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता गुलाम मुस्तफा ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर इस्तीफे का ऐलान कर दिया। खोखर ने तो बीकानेर पश्चिम से निर्दलीय या राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी से चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी। खोखर के अलावा कांग्रेस नेता अनवर अजमेरी ने भी इस्तीफे का ऐलान कर दिया।
पार्षद मनोज बिश्नोई पूर्व से लड़ेंगे चुनाव
निर्दलीय पार्षद और नगर निगम बोर्ड के गठन में कांग्रेस को सपोर्ट करने वाले मनोज बिश्नोई ने बीकानेर पूर्व से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने बीकानेर पूर्व से कांग्रेस से टिकट भी मांगा था। बिश्नोई का दावा है कि कांग्रेस को बोर्ड में समर्थन दिया और हमेशा उनके साथ रहे। इसीलिए पूर्व से टिकट मांगा था लेकिन पार्टी ने कोई तवज्जो नहीं दी। इसलिए अब निर्दलीय या किसी पार्टी से चुनाव लड़ेंगे।

