बीकानेर :सिद्धि कुमारी को कम पसंद कर रहे लोग, यशपाल गहलोत का जलवा……


राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए बीकानेर पूर्व विधानसभा सीट पर मुकाबला भाजपा की सिद्धि कुमारी और कांग्रेस के यशपाल गहलोत के बीच है. वर्तमान विधायक सिद्धि कुमारी पिछले 15 सालों से इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रही है.

एनडीटीवी की टीम ने बीकानेर पूर्व क्षेत्र की जनता से उनके बारे में बात की.

कुछ इलाकों में जनता की राय सिद्धि कुमारी के खिलाफ रही. कई लोगों ने कहा कि उन्होंने अपनी विधायक को कभी देखा भी नहीं. ज्यादातर ने उन्हें 10 में 0 नम्बर दिए. दूसरे इलाकों में जनता की राय मिली-जुली रही. लोगों का कहना था कि विधायक ने जितने वादे किए, वो सभी पूरा होना मुमकिन नहीं होता. लेकिन ज़्यादातर वादे पूरे हुए हैं और उन्हें नम्बर भी यहां ठीक मिले. खास बात ये रही कि अल्पसंख्यकों के इलाकों में सिद्धि को अच्छे नम्बर मिले. हालांकि सिद्धि कुमारी से जब पूछा गया कि आप अपने आप को कितने नम्बर देंगी तो उनका जवाब था कि मुझे तो नम्बर जनता देगी.

बीकानेर पूर्व से कांग्रेस उम्मीदवार यशपाल गहलोत पिछले क़रीब 11 वर्षों से शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष हैं. पिछले विधानसभा चुनावों में उन्हें टिकट देकर वापिस ले लिया गया था, जिसकी भरपाई इस बार की गई है. यशपाल का कहना है कि बीकानेर-ईस्ट का चुनाव राजा और रंक के बीच है और इस बार जनता रंक को विधानसभा में भेजेगी और राजा को अपने महल में.

3 दिसम्बर को होने वाले चुनाव में बीकानेर पूर्व से कौन जीतता है, ये तो जनता ही तय करेगी. लेकिन यहां की अवाम में ये चर्चा जरूर है कि वोट उसी को जो शहर के विकास की सोचे.


CATEGORIES
Share This