Bikaner : दिन का तापमान बढ़ा, रात में हल्की ठंड का अहसास










बीकानेर पिछले दिनों बीकानेर में बारिश के बाद तापमान में कुछ कमी आई थी लेकिन अब फिर से गर्मी बढ़ने लगी है। पिछले 24 घंटे में बीकानेर में तापमान बढ़ गया है। अधिकतम तापमान जहां 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
वहीं न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस तक आ गया है। दरअसल,अगले कुछ दिन में फिर से पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश की उम्मीद जताई जा रही है। बीकानेर में एक सप्ताह पहले तक तापमान तीस डिग्री सेल्सियस तक आ गया था लेकिन अब इसमें पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो गई है। खासकर दोपहर में बीकानेर तपने लगा है।
विजयादशमी के दिन मंगलवार को रावण दहन के दौरान भी लोगों को गर्मी का एहसास हुआ। शाम 5 बजे करणी सिंह स्टेडियम में पहुंचे लोग गर्मी से परेशान हुए।
दिन का तापमान बढ़ गया है लेकिन शाम को कुछ राहत है। रात का पारा ज्यादा नहीं बढ़ा है।
सोमवार रात को भी पारा बीस डिग्री सेल्सियस से कम था। ऐसे में दिन की तुलना में रात ज्यादा गर्म नहीं है। मौसम विभाग ने मंगलवार को दौसा और करौली में हल्की व मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई है। लेकिन, बुधवार तक भी बीकानेर में बारिश को लेकर कोई घोषणा नहीं की गई है।

