करणी सिंह स्टेडियम पहले लंका जली बाद में रावण….


बीकानेर में आज विजयादशमी पर थोड़ी ही देर में तीन जगह एक साथ रावण दहन होगा। डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में जहां मुख्य कार्यक्रम होने जा रहा है, वहीं पॉलिटेक्निक कॉलेज में पहली बार रावण दहन होगा।

शहर के भीतरी क्षेत्र में धरणीधर में नब्बे फीट के रावण का दहन होगा। तीनों ही कार्यक्रमों में भारी भीड़ जुटती है। ऐसे में पुलिस और प्रशासन ने भी कमर कस ली है। डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में शाम को रावण दहन होगा और पांच बजे से ही दर्शकों के आने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। सूर्यास्त होने से ठीक पहले रावण दहन के साथ पूरा स्टेडियम रंगबिरंगी आतिशबाजी से सराबोर हो जाएगा। सबसे पहले लंका दहन होगा, इसके बाद रावण सहित तीन पुतलों को निशाना बनाया जाएगा। करणी सिंह स्टेडियम में बागपत के रहने वाले सलीम और उसके परिवार ने मिलकर रावण तैयार किया है। करीब डेढ़ महीने की मेहनत महज आधे घंटे में आतिशबाजी के बाद खत्म हो जाएगी।

हर बार की तरह इस बार भी रंगमंच कलाकार सलीम ही हनुमान की भूमिका में होंगे। बीकानेर के मशहूर शायर रहे सदीक अहमद के बेटे सलीम सरकारी कर्मचारी है और पिछले कई सालों से बीकानेर में रामनवमी के दिन वो ही हनुमान बनते हैं। डॉ. करणी सिंह स्टेडियम की दशहरा कमेटी में फूट पड़ने के बाद दो जगह रावण दहन होने लगा था। दूसरी कमेटी मेडिकल कॉलेज मैदान में ये आयोजन करती थी लेकिन पिछले साल वहां डॉक्टर्स और मेडिकल स्टूडेंट्स ने विरोध जता दिया। उनका कहना था कि बड़ी मेहनत से वहां पेड़ पौधे लगाए गए हैं। ऐसे में यहां रावण दहन से पेड़ पौधों को नुकसान होता है। ऐसे में इस बार ये कमेटी पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान पर रावण दहन करेगी। वहीं धरणीधर मैदान में नब्बे फीट ऊंचे रावण को तैयार किया गया है। रावण के साथ ही कुंभकरण, मेघनाथ और ताड़का के पुतले भी जलाए जाएंगे। यहां भी भारी मात्रा में आतिशबाजी होनी है। पिछले एक महीने से यहां भी पुतले बनाने की तैयारी चल रही है। यहां क्रिकेट एकेडमी भी संचालित होती है। उसी मैदान में रावण दहन का कार्यक्रम हो रहा है।


CATEGORIES
Share This