शादी के नाम पर नाबालिग को बेचने की कोशिश










झारखंड से एक नाबालिग को कोटा लाकर बेचने का मामला सामने आया है। शादी के नाम पर उसे बहला फुसलाकर एक युवक कोटा ले आया। बच्ची के साथ उसकी मां भी थी, दोनों को शेल्टर होम में भिजवा दिया गया है। सीडब्लूसी सदस्य बाबूलाल मेहरा ने बताया कि प्रेम नगर इलाके से एक व्यक्ति ने जानकारी दी थी कि इलाके में एक 17 साल की लड़की और उसकी मां को एक कमरे में बंद किया हुआ है।
सूचना चाइल्ड लाइन और बचपन बचाओ आंदोलन टीम को मिली थी। जिसके बाद बचपन बचाओ आंदोलन की चाइल्ड लाइन ने अधिकारियों को जानकारी दी। सामने आया कि बच्ची को पांच लाख रुपए में बेचने की तैयारी थी। प्रेम नगर में जहां की लोकेशन मिली वहां पहुंच कर पुलिस की मदद से शुक्रवार देर रात को दबिश देकर नाबालिग को रेस्क्यू किया गया। बालिका और उसकी मां से जब जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति खराब है। बालिका की शादी का झांसा देकर राजेन्द्र नामक युवक उन्हें 8 दिन पहले कोटा लाया था। कोटा लाकर पहले अलग-अलग होटलों में रखा।
इस दौरान वहां कई लड़कों को बुलाकर बालिका को दिखाया जाता। इसके बाद प्रेम नगर में एक मकान में कमरे में बंद कर रखा हुआ था। नाबालिग को बालिका गृह में और उसकी मां को शेल्टर होम में भिजवाया गया है। वहीं युवक राजेन्द्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

