जयपुर में बढ़ने लगा डेंगू-मलेरिया का खतरा


बारिश के साथ ही जयपुर में डेंगू-मलेरिया के केस फिर से बढ़ने लगे हैं। जयपुर में रोज औसत 11 केस आ रहे हैं। वहीं दूसरे जिलों से भी मरीज जयपुर पहुंच रहे हैं, इसलिए अस्पतालों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने लगी है।

 

सरकारी आंकड़ों के अनुसार राजस्थान में हर रोज 125 से ज्यादा डेंगू के नए मरीज हॉस्पिटल पहुंच रहे हैं। स्थिति ये है कि मरीजों की भीड़ को देखते हुए छोटे-बड़े प्राइवेट हॉस्पिटल संचालकों ने आरजीएचएस (राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम) और चिरंजीवी हेल्थ स्कीम में मरीजों को भर्ती करने से मना कर दिया।

 

जयपुर में कई प्राइवेट हॉस्पिटल ऐसे हैं, जिन्होंने रेफरल केस में सरकार की हेल्थ स्कीम पर डेंगू मरीजों को भर्ती करना बंद कर दिया है। रात में आने वाले मरीजों को बेड नहीं होने या स्थिति ज्यादा खराब होने का बहाना बनाकर वापस भेजा जा रहा है। इधर, मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण अब ब्लड बैंकों में भी प्लेटलेट्स की मांग बढ़ गई है। अब इसका संकट गहराने लगा है।


CATEGORIES
Share This