आइजॉल बमबारी में राजेश पायलट का नाम लेने पर विवाद










मिजोरम की राजधानी आइजॉल पर इंदिरा गांधी के प्रधानमंत्री रहते 5 मार्च 1966 को की गई एयरफोर्स की बमबारी के मुद्दे पर उठा विवाद अब राजस्थान तक पहुंच गया है। बीजेपी आईटी सेल के चीफ अमित मालवीय ने आइजॉल पर 5 मार्च 1966 को की गई बमबारी में सचिन पायलट के पिता राजेश पायलट और कांग्रेस नेता सुरेश कल्माड़ी के शामिल होने का दावा किया
सचिन पायलट ने अमित मालवीय को जवाब देते हुए राजेश पायलट के वायुसेना में अफसर बनने की तारीख वाला लेटर ट्वीट करते हुए पलटवार किया। राजस्थान में पायलट समर्थकों ने अब ट्वीटर पर मालवीय के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है।
विवाद की शुरुआत अमित मालवीय के ट्वीट से हुई जिसका पायलट ने दो दिन बाद जवाब दिया। अमित मालवीय ने आइजॉल बमबारी का जिक्र करते हुए लिखा-” राजेश पायलट और सुरेश कलमाड़ी भारतीय वायुसेना के उन विमानों को उड़ा रहे थे जिन्होंने 5 मार्च 1966 को मिज़ोरम की राजधानी आइजॉल पर बम गिराये। बाद में दोनों कांग्रेस के टिकट पर सांसद और सरकार में मंत्री भी बने। साफ है कि नार्थ ईस्ट में अपने ही लोगों पर हवाई हमला करने वालों को इंदिरा गांधी ने बतौर इनाम राजनीति में जगह दी, सम्मान दिया।”

