रोडवेज की फ्लाइंग ने 71 यात्री बिना टिकट के पकड़े










राजस्थान रोडवेज की विजीलेंस टीम ने 56 बसों में रेंडम चैकिंग की, जिसमें 71 यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करते पकड़ा। इस दौरान इन यात्रियों से किराया और जुर्माने के पेटे 13 हजार रुपए से ज्यादा की रकम वसूली गई। इन बसों में कॉन्ट्रेक्ट पर लगे दो बस सारथियों को ब्लैक लिस्ट करने, जबकि परमानेंट कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए है।
राेडवेज के एमडी नथमल डिडेल ने बताया कि मुख्य प्रबन्धकों के नेतृत्व में 7 विशेष टीमें बनाकर पूरे राज्य में अलग-अलग रूटों पर बस चैकिंग के लिए भेजा गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश, बीकानेर, जैसलमेर, भीलवाड़ा, राजसमन्द, गुजरात, आबूरोड़, जालोर, हनुमागढ़ और तारानगर के रूटों पर जाने वाली 56 बसों का चैक किया गया। इन 56 में से 10 बसों में 71 यात्री बिना टिकट के यात्रा करते पकड़े गए।
बिना टिकट पकड़े गए इन यात्रियों से 2487 रुपए किराया राशि के पेटे और 10 हजार 840 रुपए जुर्माना राशि के पेटे वसूल किए गए। इसके साथ ही टीम ने इन बसों में काम करने वाले कंडक्टरों के खिलाफ कार्यवाही की सिफारिश की गई। जिसके बाद संबंधित डिपो मैनेजर को इनके खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

