शूटर्स के लिए बीकानेर से भेजी पांच विदेशी पिस्तौल:गैंगस्टर ठेहट को पहले AK-47 से मारने का प्लान










गैंगस्टर राजू ठेहट पर एके-47 से हमला करने की योजना थी, लेकिन राइफल बड़ी होने से कैरी करने की समस्या को देखते हुए बीकानेर से विदेशी पिस्तोलें भेजी गईं। उन्हीं से राजू ठेहट पर गोलियां दागी गई थीं। ठेहट के हत्यारों को हथियार सप्लाई करने वाले तीनों आरोपियों से पूछताछ में इसका खुलासा हुआ है।
गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग के हार्डकोर गुर्गे कमल डेलू, श्रवण सीवर और विजयपाल की गिरफ्तारी के बाद राजू ठेहट हत्याकांड की कड़ियां फिर से जुड़ने लगी हैं। अभियुक्तों से प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि ठेहट को मारने के लिए गोदारा ने लंबी प्लानिंग की थी। इसके लिए पहले दो एके-47 मंगवाई गई। लेकिन राइफल को कैरी करने की समस्या और पकड़ने जाने का डर था। इसलिए दोनों राइफल बीकानेर में जयनारायण व्यास कॉलोनी निवासी पंकज सारस्वत ले गया और 007 गैंग के लोहावट में जंभेश्वर नगर निवासी मनीष शेखाणी को सौंप दी। बाद में रोहित गोदारा के गुर्गे अमरजीत ने कमल डेलू, श्रवण और विजयपाल के जरिए शूटर्स तक पिस्तौल और राउंड पहुंचाए। हत्यारों के पास से पांच पिस्तौल और 183 राउंड बरामद हुए थे। पिस्तौल तुर्की मेड जिगाना और मेड इन चायना थीं।

