बॉर्डर पर तारबंदी से एक किमी में अवैध खनन


खाजूवाला उपखंड अधिकारी से तीन किसानों ने ली थी कृषि कार्य की परमिशन
राववाला के बाद खाजूवाला में भी पाक सीमा से सटे प्रतिबंधित क्षेत्र में जिप्सम के अवैध खनन का खुलासा हुआ है। उपखंड अधिकारी ने तीन किसानों को खातेदारी निरस्त करने के नोटिस जारी किए हैं। बीएसएफ डीआईजी ने भी इस संबंध में कमांडेंट से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है

खाजूवाला में बॉर्डर के गांव आनंदगढ़ में डिग्गी खुदाई की आड़ में जिप्सम के अवैध खनन का मामला सामने आया था। यह स्थान अंतरराष्ट्रीय सीमा के एक किमी दायरे में होने के कारण प्रतिबंधित है। लेकिन उपखंड अधिकारी की परमिशन से किसानों को कृषि कार्य करने की छूट मिलती है। खाजूवाला एसडीएम ने यहां चक 18 डीब्ल्यूडी में तीन किसानों को कृषि कार्य करने की परमिशन जारी की थी। राजस्व तहसीलदार की टीम मौके पर जांच के लिए पहुंची तो वहां अतिरिक्त जिप्सम खुदा हुआ मिला।

गुड्डी देवी के खेत के अलावा आस-पास के दो अन्य खेतों में भी जिप्सम का खनन पाया गया। जांच में इसे अवैध खनन माना गया है। उपखंड अधिकारी श्योराम ने मुरबा नंबर 234/21 की काश्तकार फूसी देवी उर्फ पुष्पा पत्नी फूसाराम नायक, मुरबा नंबर 234/29 की काश्तकार गुड्‌डी देवी पत्नी मदनलाल सुथार तथा मुरबा नंबर 234/27 के काश्तकार सवाई सिंह पुत्र मघसिंह को खातेदारी निरस्त करने के लिए धारा 177 के तहत सम्मन जारी किए हैं। तीनों को 23 मई तक न्यायालय में जवाब पेश करना है।


CATEGORIES
Share This