राजस्थान में 45 डिग्री तापमान, लू ने झुलसाया


 

जयपुर

राजस्थान के पश्चिमी जिलों में अब वापस गर्मी बढ़ने लगी है। गंगानगर, जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर में दिन का तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया। झुंझुनूं के पिलानी में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। वहीं, लगातार चल रही हीटवेव ने परेशानी बढ़ा दी है। आज दोपहर में लू चलने की आशंका है।

हालांकि, गर्मी का ये दौर अगले दो दिन और रहेगा। 23 मई से राहत मिलने की उम्मीद है। पंजाब और पाकिस्तान की सीमा पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनेगा। इसके बाद एक ट्रफ लाइन बनेगी।

इसके असर से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ राजस्थान के आधे हिस्सों में थंडरस्टॉर्म गतिविधियां देखने को मिलेंगी। राजस्थान के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में 23 से 25 मई के बीच आंधी-बारिश का दौर चल सकता है।

राज्य में आज मौसम पूरी तरह शुष्क है। सुबह से धूप निकल रही है। कोटा, जोधपुर, बाड़मेर में रात का न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज हुआ। कल बाड़मेर और गंगानगर में दिन के अधिकतम तापमान में 4.5 डिग्री सेल्सियस तक का इजाफा हुआ।


CATEGORIES
Share This