ब्लैकमेलिंग:महिला ने पति के साथ मिलकर डॉक्टर को ब्लैकमेल किया धमकाकर ~ 6.50 लाख लिए










जिला अस्पताल के एनेस्थीसिया के डॉ. अनिल गुप्ता को ब्लैकमेल कर लाखों रुपए हड़पने का मामला सामने आया है। डॉक्टर के यहां झाड़ू-पोछा लगाने वाली महिला ने अपने पति के साथ मिलकर डॉक्टर को धमकाया। ज्यादती-छेड़छाड़ का केस दर्ज कराने की धमकी से डॉक्टर इससे डर गए और आरोपियों को 6 लाख 50 हजार रुपए दे चुके थे। इसके बाद भी रुपए मांगना बंद नहीं हुआ तो डॉक्टर ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने गुप्त तरीके से दोनों आरोपियों को रुपए लेने बुलाया और शनिवार को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार दोनों पति-पत्नी डॉक्टर पर दुष्कर्म का केस दर्ज कराने का दबाव बनाकर बड़ी रकम ले रहे थे। डेढ़ साल पहले डॉ. गुप्ता ने किसी के मार्फत दबलाना के आनंदगंज हाल मुकाम उतराना निवासी फोरंता गुर्जर को झाड़ू-पोछा करने के लिए लगाया। महिला ने डॉक्टर के यहां 25 दिन काम किया और ₹30 हजार रुपए डॉक्टर से किसी काम से ले लिए। इसके बाद फोरंता और उसका पति दुर्गालाल गुर्जर डॉक्टर पर दुष्कर्म का केस दर्ज कराने की धमकी देकर रुपए मांगने लगे। महिला और उसके पति ने 10 लाख रुपए की मांग की और नहीं देने पर जेल की हवा खिलाने की धमकी दी। परेशान होकर डॉक्टर ने कोतवाली में रिपोर्ट दी। इस बारे में भास्कर ने डॉक्टर से बातचीत का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया।

