नौतपा की शुरुआत इस बार आंधी-बारिश से










राजस्थान में इस बार नौतपा की शुरुआत आंधी-बारिश के साथ होगी। मौसम विभाग ने इसकी 22 मई की भविष्यवाणी जारी की है और इसी दिन मानसून का नया सिस्टम एक्टिव होने की संभावना है। इसके कारण राजस्थान में आंधी-बारिश का एक नया स्पेल शुरू होगा।
राज्य में मौजूदा मौसम की स्थिति देखे तो बीती रात गंगानगर, हनुमानगढ़ समेत कई जिलों में तूफानी बारिश के साथ ओले गिरे और कई जगह पेड़-पौधे गिर गए।
जबकि हिंडौन सिटी में देर रात चली बारिश और आंधी के दौर के बाद एक मकान की दीवार गिरने से दो बच्चे घायल हो गए।
मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि कल एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बीकानेर, जोधपुर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ भागों में दोपहर बाद मेघगर्जन के साथ कहीं-कहीं अचानक तेज हवाएं चली और हल्की बारिश हुई।
इस सिस्टम का असर आज भी राज्य के जयपुर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में देखने को मिल सकता है, लेकिन कल यानी 19 मई से राज्य में मौसम एक बार फिर शुष्क होने लगेगा और 21 मई तक अधिकांश भागों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ जाएगा। इसके अलावा पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की हीटवेव भी चल सकती है।

